इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने राज्य सरकार की पहल तेज, ई-व्हीकल मालिकों को मिलेगी सब्सिडी

सूरजपुर।
राज्य में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य इलेक्ट्रिक वाहन नीति 2022 के तहत इलेक्ट्रिक वाहन मालिकों को सब्सिडी प्रदान की जा रही है।
विभाग द्वारा जारी निर्देशानुसार वाहन स्वामी निर्धारित प्रक्रिया के माध्यम से सब्सिडी का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए वाहन क्रय किए गए डीलर के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य है। परिवहन विभाग ने सभी अधिकृत वाहन डीलर्स को ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूर्ण कराने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
इसके लिए आवेदन करने के बाद आवश्यक दस्तावेज ऑनलाइन आवेदन की प्रति,वाहन की इनवॉइस कॉपी,आवेदक के बैंक खाते का विवरण जिसे डीलर या वाहन स्वामी स्वयं जिला परिवहन कार्यालय में जमा कर सकते हैं।
आवेदन प्रक्रिया पूर्ण होने एवं विभागीय जांच के पश्चात सब्सिडी की राशि सीधे वाहन स्वामी के बैंक खाते में अंतरित कर दी जाएगी। सरकार की यह पहल इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देने और प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
