महिला नेतृत्व का एक साल: डोंगरगांव नगर पंचायत को मिला नगरपालिका का दर्जा, करोड़ों के विकास कार्यों को स्वीकृति

महिला दिवस पर पूरा हुआ अध्यक्ष अंजू त्रिपाठी का एक वर्ष, नगर के विकास को मिली नई दिशा
डोंगरगांव। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 8 मार्च इस वर्ष डोंगरगांव के लिए खास महत्व लेकर आया है। इसी दिन नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अंजू त्रिपाठी के नेतृत्व को एक वर्ष पूर्ण हो रहा है। महिला नेतृत्व में बीते एक वर्ष के दौरान नगर के विकास को नई दिशा देने के साथ ही डोंगरगांव को नगर पंचायत से नगरपालिका का दर्जा भी प्राप्त हुआ है, जिसे नगर के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
भाजपा समर्थित परिषद के गठन के बाद नगर में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए गए। इसी का परिणाम है कि इस एक वर्ष में नगर के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं और करोड़ों रुपए के विकास कार्यों को स्वीकृति मिली है।
करोड़ों के विकास कार्यों को मिली स्वीकृति-
नगर पंचायत द्वारा नगर में 1 करोड़ 49 लाख 70 हजार रुपये की लागत से हाट बाजार निर्माण कार्य को स्वीकृति मिली है, जिससे स्थानीय व्यापारियों और आसपास के ग्रामीणों को बेहतर बाजार सुविधा मिलेगी। इसके अलावा करियाटोला में 50 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण की भी मंजूरी दी गई है, जो सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए उपयोगी होगा।
मूलभूत सुविधाओं को मिलेगा विस्तार-
नगर की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से 36 लाख 84 हजार रुपये की लागत से मुक्तिधाम निर्माण तथा 42 लाख 32 हजार रुपये की लागत से पाइपलाइन विस्तार कार्य को भी स्वीकृति मिली है। इससे नगर में पेयजल व्यवस्था और अन्य सुविधाओं में सुधार होने की उम्मीद है।
स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं पर जोर-
स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए 26 लाख 68 हजार रुपये की लागत से आकांक्षी शौचालय निर्माण को स्वीकृति दी गई है। इसके साथ ही नगर में सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालयों के जीर्णोद्धार और नगर पंचायत में ऑनलाइन राजस्व वसूली व्यवस्था लागू करने की दिशा में भी पहल की गई है।
गरीबों को आवास और राशन का लाभ-
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नगर में 149 आवासों को स्वीकृति मिली है, जिससे जरूरतमंद परिवारों को पक्के मकान का लाभ मिलेगा। इसके अलावा नगर क्षेत्र में 458 राशन कार्डों का वितरण कर गरीब परिवारों को खाद्य सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है।
स्वच्छता रैंकिंग में मिली पहचान
डोंगरगांव ने स्वच्छता के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों में राष्ट्रीय स्तर पर 33वां और राज्य स्तर पर 35वां स्थान प्राप्त किया है।
टीमवर्क से मिली उपलब्धियां – अंजू त्रिपाठी
नगर पंचायत अध्यक्ष अंजू त्रिपाठी ने कहा कि यह उपलब्धियां नगर पंचायत के पार्षदों, अधिकारियों, कर्मचारियों और नगरवासियों के सहयोग का परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि महिला दिवस के अवसर पर एक वर्ष की उपलब्धियों के साथ ही नगर को नगरपालिका का दर्जा मिलना डोंगरगांव के लिए गर्व की बात है। आने वाले समय में स्वीकृत विकास कार्यों के धरातल पर उतरने से नगर के विकास को और गति मिलेगी।
