Uncategorized

4 वां एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय नेशनल स्पोर्ट्स मीटजशपुर की बेटियों ने सुन्दरगढ़ उड़ीसा में रचा नया इतिहास

अंडर 14 आयु वर्ग डबल बैडमिंटन में स्वर्ण पदक जीतकर बड़ी उपलब्धि हासिल

मुख्यमंत्री ने बैडमिंटन खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएं

रायपुर। सुन्दरगढ़ उड़ीसा में आयोजित 4 वां एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय नेशनल स्पोर्ट्स मीट में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय ढुढरुडांड़, बटईकेला और कांसाबेल की दो प्रतिभाशाली छात्राएँ—मीनाक्षी लकड़ा और संजना भगत—ने अंडर 14 आयु वर्ग डबल बैडमिंटन में स्वर्ण पदक जीतकर अद्वितीय उपलब्धि हासिल की है। जशपुर जिले की इन बेटियों ने सुन्दरगढ़ में नया इतिहास रचा है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर जिले की बेटियों की इस उपलब्धि पर सभी बैडमिंटन खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह न सिर्फ स्कूल की पहली राष्ट्रीय जीत है, बल्कि जशपुर जिले के इतिहास में पहली बार किसी भी स्कूल की छात्राओं ने राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण जीता है। यह उपलब्धि जशपुर, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय परिवार और आदिवासी समुदाय के लिए एक सुनहरा अध्याय बनी है।

विद्यालय की प्राचार्य ललिता चौहान ने कहा कि यह सफलता विद्यालय के लिए गौरव का प्रतीक है और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगी। प्राचार्या ने कलेक्टर रोहित व्यास और सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग को भी धन्यवाद दिया, जिन्होंने हर आवश्यकता पर सहयोग और मार्गदर्शन दिया। टीम को प्रशिक्षित करने वाले पीटीआई अमरदीप सिंह ने बताया कि दोनों छात्राओं ने कठोर अभ्यास, निरंतर फिटनेस ट्रेनिंग और अनुशासन की बदौलत यह ऐतिहासिक सफलता प्राप्त की है। विद्यालय में खुशी और उत्साह का माहौल है।

मीनाक्षी और संजना अब जशपुर के हर विद्यार्थी के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं। दोनों ने कहा कि उनका लक्ष्य आगे बड़े टूर्नामेंट में जशपुर और विद्यालय का नाम और ऊंचा करना है। जशपुर के इतिहास में पहली बार एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय की बेटियों ने नेशनल स्तर पर लिखा स्वर्णिम अध्याय। यह जीत पूरे जिले और राज्य के लिए सम्मान और प्रेरणा का नया प्रतीक बनी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *