Thursday, July 30, 2026
Latest:
Uncategorized

लोक निर्माण विभाग में यात्रा भत्ता के नाम पर लाखों का खेल, जांच की उठी मांग

छत्तीसगढ़। लोक निर्माण विभाग (PWD) में यात्रा भत्ता के नाम पर बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताओं का मामला सामने आने की चर्चा तेज हो गई है। आरोप है कि विभाग के कुछ सब इंजीनियर एवं एसडीओ द्वारा कम दूरी की यात्रा दर्शाकर भी लाखों रुपए तक के बिल लगाए जा रहे हैं और शासन के खजाने से राशि निकाली जा रही है।
इस पूरे मामले को लेकर प्रेस रिपोर्टर क्लब छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष संजय सोनी ने कड़ा रुख अपनाते हुए छत्तीसगढ़ शासन से तत्काल जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि यात्रा भत्ता के नाम पर जिस प्रकार से फाइलों में भारी-भरकम बिल लगाकर राशि निकाली जा रही है, वह गंभीर जांच का विषय है।
प्रदेश अध्यक्ष संजय सोनी ने कहा कि कई मामलों में बेहद कम दूरी की यात्रा दिखाकर भी बड़ी रकम का भुगतान लिया जा रहा है, जिससे शासन को आर्थिक नुकसान हो रहा है और भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इस पर अंकुश नहीं लगाया गया तो यह व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।
संजय सोनी ने शासन और प्रशासन से मांग की है कि यात्रा भत्ता से संबंधित सभी फाइलों की परतें खोली जाएं, पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी अधिकारियों-कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि पारदर्शिता सुनिश्चित कर भविष्य में इस प्रकार के भ्रष्टाचार पर सख्त लगाम लगाना जरूरी है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनहित और सरकारी धन की सुरक्षा के लिए इस मामले को गंभीरता से लिया जाना चाहिए तथा जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि लोक निर्माण विभाग में व्याप्त अनियमितताओं पर रोक लग सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *