Uncategorized

संभाग आयुक्त एस.एन. राठौर का जिला चिकित्सालय बालोद में आकस्मिक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजामरीजों से की बातचीत, बेहतर उपचार और सुविधाओं के लिए दिए आवश्यक निर्देश

बालोद, 06 मार्च 2026।दुर्ग संभाग के आयुक्त एस.एन. राठौर ने आज जिला चिकित्सालय बालोद का आकस्मिक निरीक्षण कर अस्पताल की व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, ओपीडी कक्षों तथा उपचार से जुड़ी सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया और अधिकारियों को मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संभाग आयुक्त ने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, मरीजों को मिल रही सेवाओं तथा चिकित्सकीय संसाधनों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने ओपीडी कक्ष, सामान्य रोगी कक्ष, नाक-कान-गला (ईएनटी) विभाग, आपातकालीन कक्ष, पुरुष एवं महिला मेडिकल वार्ड सहित कई विभागों का निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचे मरीजों और उनके परिजनों से भी बातचीत कर उन्हें मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।
संभाग आयुक्त राठौर ने नाक-कान-गला विभाग के ओपीडी कक्ष में पहुँचकर वहाँ उपस्थित चिकित्सकों से मरीजों की जांच में उपयोग होने वाले उपकरणों की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि मरीजों की जांच और उपचार के लिए सभी आवश्यक उपकरण और संसाधन हमेशा उपलब्ध रहें ताकि उपचार में किसी प्रकार की बाधा न आए।
निरीक्षण के दौरान वे पुरुष मेडिकल वार्ड भी पहुंचे, जहाँ भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने वार्ड में भर्ती मरीज निर्मल से बातचीत कर उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं तथा अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में पूछा। मरीजों से चर्चा करते हुए उन्होंने अस्पताल में दी जा रही चिकित्सा सेवाओं के संबंध में भी फीडबैक लिया।
संभाग आयुक्त ने अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मरीजों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि उपचार के साथ-साथ मरीजों और उनके परिजनों के साथ मधुर और संवेदनशील व्यवहार करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है, जिससे उन्हें मानसिक रूप से भी राहत मिल सके।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर में मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक आधारभूत सुविधाओं को विकसित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जिला चिकित्सालय परिसर में एक व्यवस्थित प्रतीक्षालय (वेटिंग एरिया) तथा कैंटीन निर्माण के लिए आवश्यक कार्यवाही शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि अस्पताल आने वाले लोगों को बेहतर सुविधा मिल सके।
संभाग आयुक्त ने अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था, दवा वितरण व्यवस्था तथा आपातकालीन सेवाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अस्पताल में स्वच्छता बनाए रखने के साथ-साथ दवाओं की उपलब्धता और चिकित्सा उपकरणों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जाए।
इस अवसर पर कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा, एसडीएम नूतन कंवर, मुख्य अस्पताल अधीक्षक आर.के. श्रीमाली सहित जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। अधिकारियों ने संभाग आयुक्त को अस्पताल में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं तथा व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
संभाग आयुक्त राठौर ने कहा कि जिला चिकित्सालय आम नागरिकों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख केंद्र है, इसलिए यहाँ उपलब्ध व्यवस्थाओं को बेहतर बनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर उपचार, आवश्यक दवाएं और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल प्रशासन को यह भी निर्देश दिए कि मरीजों की सुविधा और उपचार व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न हो तथा सभी व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जाए, जिससे जिले के नागरिकों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *