Uncategorized

पत्रकार सम्मान की रक्षा के लिए प्रेस रिपोर्टर क्लब ने बिलासपुर थाने में दर्ज कराई शिकायत

बिलासपुर(छत्तीसगढ़)।पत्रकारिता की मर्यादा, सामाजिक गरिमा और संगठनात्मक सम्मान की रक्षा के लिए प्रेस रिपोर्टर क्लब, छत्तीसगढ़ के प्रदेश पदाधिकारियों द्वारा एक महत्वपूर्ण और सशक्त पहल की गई। प्रेस रिपोर्टर क्लब के प्रदेश उपाध्यक्ष गौतम बाल बोंदरे, प्रदेश सह-सचिव आनंद राव, प्रदेश संरक्षक प्रभात राय, संभागीय पदाधिकारी एवं वरिष्ठ सदस्यों के द्वारा बिलासपुर पहुंचकर बिलासपुर थाना में औपचारिक शिकायत पत्र प्रस्तुत किया गया।
यह शिकायत ग्राम पंचायत मालीगुड़ी, जिला बालोद निवासी बोधन भट्ट पिता गेंदालाल भट्ट द्वारा सोशल मीडिया माध्यम पर प्रेस रिपोर्टर क्लब एवं उसके सदस्यों के प्रति की गई अभद्र एवं अपमानजनक टिप्पणी के विरुद्ध दर्ज कराई गई है। शिकायत पत्र में उल्लेख किया गया है कि उक्त व्यक्ति द्वारा सार्वजनिक मंच पर प्रयोग की गई अनुचित एवं असम्मानजनक भाषा न केवल संगठन की छवि को धूमिल करती है, बल्कि पत्रकार समाज की प्रतिष्ठा को भी ठेस पहुंचाती है।
प्रेस रिपोर्टर क्लब के प्रदेश पदाधिकारियों ने थाने में प्रस्तुत आवेदन में स्पष्ट रूप से कहा कि पत्रकार समाज लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है, जिसकी सामाजिक जिम्मेदारी और प्रतिष्ठा सर्वोपरि है। किसी भी व्यक्ति द्वारा व्यक्तिगत दुर्भावना के कारण पूरे पत्रकार संगठन को लक्ष्य बनाकर अपमानजनक टिप्पणी करना निंदनीय होने के साथ-साथ कानूनन दंडनीय भी है।
प्रदेश उपाध्यक्ष गौतम बाल बोंद्रे ने कहा कि प्रेस रिपोर्टर क्लब सदैव निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सरोकार और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। संगठन की छवि और पत्रकारों के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली किसी भी गतिविधि को गंभीरता से लिया जाएगा तथा आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
प्रदेश सह-सचिव आनंद राव एवं प्रदेश संरक्षक प्रभात राय ने पुलिस प्रशासन से निवेदन किया कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी व्यक्ति के विरुद्ध उचित कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, जिससे भविष्य में कोई भी व्यक्ति पत्रकार समाज एवं संगठन की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने का प्रयास न करे।
प्रेस रिपोर्टर क्लब के पदाधिकारियों ने कहा कि यह पहल किसी व्यक्तिगत विवाद का परिणाम नहीं, बल्कि पत्रकारों के सम्मान, संगठन की एकता और पत्रकारिता की मूल भावना को सुरक्षित रखने के लिए उठाया गया आवश्यक कदम है। संगठन सदैव अपने सदस्यों की प्रतिष्ठा और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी के निर्वहन के लिए तत्पर रहेगा।
बिलासपुर थाना में प्रस्तुत शिकायत के माध्यम से प्रेस रिपोर्टर क्लब ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि पत्रकारिता की गरिमा और संगठन के सम्मान से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी इस प्रकार की घटनाओं के विरुद्ध संगठन एकजुट होकर वैधानिक और लोकतांत्रिक तरीके से कार्रवाई करता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *