Tuesday, February 10, 2026
Latest:
Uncategorized

पामगढ़ थाना प्रभारी का सम्मान, प्रेस रिपोर्टर क्लब ने सराहा जनसेवा व कानून व्यवस्था में उत्कृष्ट योगदान

पामगढ़। पत्रकारिता एवं सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में सक्रिय प्रेस रिपोर्टर क्लब द्वारा समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं व्यक्तित्वों का सम्मान करने की परंपरा निरंतर जारी है। इसी क्रम में पामगढ़ थाना में एक गरिमामय सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें पामगढ़ थाना प्रभारी को उनके उत्कृष्ट कार्य, कानून व्यवस्था की मजबूती तथा जनहित में किए जा रहे सराहनीय प्रयासों के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर प्रेस रिपोर्टर क्लब के प्रदेश संरक्षक नवीन सोनी, बिलासपुर जिला अध्यक्ष विजय साहू, जांजगीर जिला अध्यक्ष दीपक बंजारे सहित क्लब के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रेस रिपोर्टर क्लब के प्रतिनिधिमंडल द्वारा थाना प्रभारी को स्मृति चिन्ह (मोमेंटो) भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके कार्यों की सराहना की गई।

कार्यक्रम के दौरान प्रदेश संरक्षक नवीन सोनी ने कहा कि प्रेस रिपोर्टर क्लब केवल पत्रकारिता तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में सकारात्मक कार्य करने वाले अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों को सम्मानित कर उनका मनोबल बढ़ाने का कार्य भी निरंतर करता है। उन्होंने कहा कि पामगढ़ थाना प्रभारी द्वारा क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने तथा त्वरित समाधान प्रदान करने का कार्य अत्यंत प्रशंसनीय है।

बिलासपुर जिला अध्यक्ष विजय साहू ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस प्रशासन और पत्रकारिता का आपसी समन्वय समाज में शांति और पारदर्शिता बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। प्रेस रिपोर्टर क्लब हमेशा जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाता रहा है और भविष्य में भी समाजहित, पत्रकारिता के विकास तथा जनजागरण के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।

जांजगीर जिला अध्यक्ष दीपक बंजारे ने भी क्लब की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रेस रिपोर्टर क्लब पत्रकारों के हितों की रक्षा के साथ-साथ समाज में सकारात्मक कार्यों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है और आने वाले समय में भी ऐसे सम्मान कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।

थाना प्रभारी ने सम्मान प्राप्त करते हुए प्रेस रिपोर्टर क्लब का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह सम्मान उन्हें और अधिक जिम्मेदारी एवं समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि पामगढ़ क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और जनता की सेवा करने के लिए पुलिस प्रशासन सदैव तत्पर रहेगा।

कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ तथा अंत में सभी ने समाज में सकारात्मक कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *