राष्ट्रीय सेवा योजना एवं यूनिसेफ का संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न


डीएलएस कॉलेज बिलासपुर में विभिन्न जिलों के कार्यक्रम अधिकारियों ने की सहभागिता
बिलासपुर। राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) एवं यूनिसेफ छत्तीसगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में डीएलएस कॉलेज में विश्वविद्यालय स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन प्रातः 10 बजे से शाम 4 बजे तक किया गया। पंजीयन एवं अल्पाहार के बाद प्रथम सत्र का शुभारंभ यूनिसेफ के स्टेट प्रभारी अभिषेक कुमार त्रिपाठी और अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय बिलासपुर के एनएसएस समन्वयक डॉ. मनोज कुमार सिन्हा द्वारा मां सरस्वती एवं कॉलेज के संस्थापक स्व. दसरथलाल शर्मा के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।
प्रथम तकनीकी सत्र में मुख्य वक्ता अभिषेक त्रिपाठी ने “सुरक्षित लई का सुरक्षित पारा” विषय पर विस्तृत और प्रभावी प्रस्तुति दी। उन्होंने स्वच्छता, पोषण, लैंगिक हिंसा, मानसिक स्वास्थ्य और सामाजिक व्यवहार परिवर्तन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करते हुए बताया कि स्वच्छता न केवल स्वास्थ्य बल्कि आर्थिक और सामाजिक विकास का आधार है। उन्होंने युवाओं को स्वच्छता अभियान की धुरी बताते हुए कहा कि “क्या हो रहा है” की बजाय “क्यों हो रहा है” यह समझना बदलाव की शुरुआत है, जिसकी शुरुआत स्वयं से करनी होती है।
अपराह्न तृतीय सत्र की अध्यक्षता राज्य एनएसएस पदाधिकारी डॉ. नीता बाजपेई ने की। उन्होंने कार्यक्रम अधिकारियों को संबोधित करते हुए नियमित गतिविधियों, विशेष शिविरों की तैयारी, सावधानियां तथा कॉलेजों में सलाहकार समिति गठन पर जोर दिया। उन्होंने नवाचार को अपनाने हेतु प्रेरित किया और अधिकारियों की समस्याओं पर चर्चा कर समाधान भी प्रदान किए। ईटीआई प्रशिक्षण के आयोजन के प्रश्न पर शीघ्र आयोजन का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागी कार्यक्रम अधिकारियों को सहभागिता प्रमाणपत्र प्रदान किया गया।
इस प्रशिक्षण में बिलासपुर, कोरबा, मुंगेली और जीपीएम जिले के महिला एवं पुरुष कार्यक्रम अधिकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में निशा शर्मा (डायरेक्टर), डॉ. प्रताप पांडे (प्राचार्य, डीएलएस कॉलेज), कोरबा जिला संगठक वी. के. तिवारी, मुंगेली जिला संगठक एन. के. पुरले और बिलासपुर जिला संगठक कांती अंचल उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी मुकुल शर्मा ने किया तथा आभार प्रदर्शन डॉ. मनोज कुमार सिन्हा, समन्वयक एनएसएस, अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय द्वारा किया गया।
