स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति का 142वां सप्ताह — स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता का संदेश



भिलाई नगर। “हरा भरा, स्वच्छ धरा” के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति छत्तीसगढ़ द्वारा स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का लगातार 142वां सप्ताह शिव-हनुमान मंदिर परिसर, सड़क 78, सेक्टर-06 में मनाया गया। यह परिसर समिति द्वारा गोद लिया गया है, जहां हर सप्ताह सफाई, पौधों की देखभाल और जागरूकता कार्यक्रम निरंतर जारी है।
समिति के नाड़ी वैद्य बिरेंद्र कुमार देशमुख और संस्थापक प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल के मार्गदर्शन में टीम ने परिसर की साफ-सफाई, अनावश्यक खरपतवार, झिल्ली, सूखे पत्ते, कागज, दोना-पत्तल आदि को एकत्र कर निर्धारित स्थान पर डंप किया। पूर्व में लगाए गए पौधों को पानी देकर उनकी नियमित देखभाल भी की गई। मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु घनी झाड़ियों से भरे मार्ग को साफ कर सुगम रास्ता उपलब्ध कराया गया।
टीम ने पोस्टर, बैनर और स्लोगन के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और नशामुक्ति के संदेश दिए —
“जागो और जगाओ, स्वच्छता अपनाओ”,
“जल है तो बल है”,
“जल ही जीवन धारा है, जिसने हमें संवारा है” जैसे नारों ने लोगों को जागरूक किया।
समिति के संस्थापक प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल ने जनता से अपील की कि वे भी इस अभियान से प्रेरित होकर अपने क्षेत्रों में स्वच्छता, पर्यावरण और जल संरक्षण के कार्य करें तथा इस जनआंदोलन को सफल बनाने में सहयोग दें।
सदस्य महेंद्र यादव ने अपने जन्मदिन पर जागरूकता अभियान चलाते हुए कहा कि समिति की अपील का सकारात्मक असर जगह–जगह देखने को मिल रहा है। आम लोग ही नहीं, सरकारी अमला भी इस अभियान को प्राथमिकता दे रहा है। उन्होंने कहा कि यह प्रयास तभी सफल होगा जब प्रत्येक नागरिक स्वयं जागरूक होकर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और नशामुक्ति के लिए कार्य करेगा।
इस अभियान में नवनीत कुमार हरदेल, विमल टहनगुरिया, सरोज टहनगुरिया, श्वेता जैन, चितरंजन दुर्गा देशमुख, संध्या टेटे, महेंद्र यादव, दाऊ लाल बघेल, भागीरथी सिन्हा, विजय कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
