मार्कफेड दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों की जिला स्तरीय बैठक सम्पन्न, नियमितीकरण व लंबित मांगों पर बनी रणनीति



बिलासपुर,। छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ मर्यादित दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी कल्याण संघ की जिला स्तरीय बैठक शनिवार को छत्तीसगढ़ भवन, बिलासपुर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला अध्यक्ष राजेन्द्र कुमार वर्मा ने की। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों एवं जिले भर से आए कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
बैठक में कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं, संगठन की मजबूती, वित्तीय व्यवस्था तथा लंबित मांगों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान रायपुर में 23 मई को आयोजित राज्य स्तरीय कार्यकारिणी बैठक में लिए गए निर्णयों की समीक्षा करते हुए उन्हें प्रभावी रूप से लागू करने पर सहमति व्यक्त की गई।



संगठन की आर्थिक मजबूती के लिए बिलासपुर जिले के सभी सदस्यों से प्रतिमाह 100 रुपये अंशदान लेने का निर्णय लिया गया। वहीं प्रदेश संगठन के निर्देशानुसार प्रत्येक कर्मचारी द्वारा प्रत्येक तीन माह में 100 रुपये प्रदेश स्तरीय अंशदान जमा करने का भी निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया।
बैठक में वर्ष 2024-25 के लंबित दिवाली बोनस की मांग को लेकर चल रही कार्यवाही को गति देने हेतु प्रदेश स्तर पर 1000 रुपये की सहयोग राशि एकत्रित करने का निर्णय लिया गया। साथ ही संगठन के आय-व्यय का नियमित लेखा-जोखा रखने तथा प्रत्येक माह उसकी समीक्षा करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।
कर्मचारियों को लंबित श्रम सम्मान राशि दिलाने, दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के नियमितीकरण तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के संबंध में भी विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि इन मांगों को शासन एवं प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से रखने के लिए आवश्यक दस्तावेज, नियम और कानूनी जानकारी एकत्रित कर आगे की कार्यवाही की जाएगी।
स्वास्थ्य सुरक्षा के दृष्टिकोण से कर्मचारियों को ईएसआईसी तथा अन्य विभागीय कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक दस्तावेज एकत्र कर पंजीयन प्रक्रिया प्रारंभ करने का निर्णय लिया गया। उपस्थित कर्मचारियों की स्थानीय एवं विभागीय समस्याओं को भी गंभीरता से सुना गया तथा उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में संगठन की आगामी कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए आवश्यकतानुसार ज्ञापन, आवेदन एवं प्रतिनिधिमंडल के माध्यम से शासन-प्रशासन तक कर्मचारियों की जायज मांगें पहुंचाने का संकल्प लिया गया। सभी सदस्यों ने संगठन की एकता और मजबूती को सर्वोपरि बताते हुए कर्मचारियों के हितों की लड़ाई को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
बैठक के अंत में जिला अध्यक्ष राजेन्द्र कुमार वर्मा ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों, सदस्यों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए संगठन को मजबूत बनाने के लिए निरंतर सहयोग की अपील की।
बैठक में प्रमुख रूप से राजेन्द्र कुमार वर्मा (प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला अध्यक्ष), विक्रम सिंह ठाकुर (जिला मीडिया प्रभारी) सहित संगठन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी सदस्य उपस्थित रहे।
