Uncategorized

हनुमान जयंती पर बिलासपुर में गूंजा एकता और सद्भाव का संदेश,पार्षद इब्राहिम खान अब्दुल की पहल से एकता का संदेश मजबूत

बिलासपुर। हनुमान जयंती के पावन अवसर पर शहर में श्रद्धा, उल्लास और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम देखने को मिला। रेलवे परिक्षेत्र अंतर्गत बुधवारी बाजार और तोरवा क्षेत्र में यह पर्व हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया, जहां धार्मिक आस्था के साथ-साथ भाईचारे और एकता का सशक्त संदेश भी दिया गया।

गणेश नगर वार्ड क्रमांक 46 के पार्षद इब्राहिम खान अब्दुल ने इस अवसर पर देश और प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए शांति और सद्भाव का प्रेरक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि हनुमान जयंती हमें शक्ति, सेवा और समर्पण के साथ-साथ आपसी प्रेम, भाईचारे और एकजुटता का मार्ग दिखाती है। आज समाज को सबसे अधिक जरूरत इसी एकता और शांति की है, जिससे हमारा शहर और देश दोनों मजबूत बन सकते हैं।

बुधवारी बाजार में पार्षद इब्राहिम खान अब्दुल द्वारा श्रद्धालुओं एवं राहगीरों के लिए शरबत वितरण का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। इस अवसर पर कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। पूर्व विधायक शैलेश पांडे और महापौर पूजा विधानी ने भी कार्यक्रम में शामिल होकर लोगों को हनुमान जयंती की शुभकामनाएं दीं और इस पहल की सराहना की।

वहीं तोरवा क्षेत्र में भी श्रद्धालुओं के लिए बूंदी, शरबत और चना-गुड़ का वितरण किया गया। इस प्रसाद वितरण कार्यक्रम में भी बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर सहभागिता निभाई और भक्ति भाव से प्रसाद ग्रहण किया। पार्षद प्रतिनिधि राज बंजारे,महेंद्र यादव, राजेश द्विवेदी, राकेश भार्गव, प्रमोद थवाईत, राजा व्यास का विशेष सहयोग रहा है।

पूरे शहर में हनुमान जयंती के अवसर पर भक्ति, उत्साह और सामाजिक एकता का माहौल बना रहा। पार्षद इब्राहिम खान अब्दुल की यह पहल न केवल धार्मिक आस्था को प्रकट करती है, बल्कि समाज में प्रेम, शांति और भाईचारे को मजबूत करने की एक सकारात्मक प्रेरणा भी देती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *