प्रेस रिपोर्टर क्लब का शपथ ग्रहण एवं पत्रकार सम्मान समारोह भव्यता के साथ संपन्न…..प्रदेशाध्यक्ष संजय सोनी मुख्य अतिथि, संगठन की एकजुटता और निष्पक्ष पत्रकारिता का दिया संदेश











रायगढ़।रायगढ़ जिले में प्रेस रिपोर्टर क्लब द्वारा आयोजित शपथ ग्रहण एवं पत्रकार सम्मान समारोह अत्यंत भव्य, गरिमामय एवं प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ। इस ऐतिहासिक एवं महत्वपूर्ण आयोजन में प्रेस रिपोर्टर क्लब के प्रदेशाध्यक्ष संजय सोनी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जिनकी गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष ऊंचाई प्रदान की। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश सचिव श्याम गुप्ता द्वारा की गई।
समारोह में प्रदेश संरक्षक कमल मित्तल, महिला प्रकोष्ठ प्रदेश सचिव ऋचा खंडेलवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष गौतम बालबोन्द्रे तथा महिला प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष पूजा जायसवाल की विशिष्ट उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और भी बढ़ा दिया। इसके साथ ही जिले के वरिष्ठ एवं युवा पत्रकारों की बड़ी संख्या में उपस्थिति ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पण कर किया गया। सभी अतिथियों ने मां सरस्वती से ज्ञान, सत्य और निष्पक्षता की प्रेरणा लेने का संकल्प लिया। इसके पश्चात नवनियुक्त पदाधिकारियों का विधिवत शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया, जिसमें सभी पदाधिकारियों को पत्रकारिता की गरिमा बनाए रखने, निष्पक्ष एवं निर्भीक पत्रकारिता करने तथा समाजहित में कार्य करने की शपथ दिलाई गई।
शपथ ग्रहण के दौरान उपस्थित सभी पत्रकारों ने भी सामूहिक रूप से पत्रकार एकता, संगठन की मजबूती और समाजहित में कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर संगठन के विस्तार और पत्रकारों के हितों की रक्षा हेतु मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
समारोह के अगले चरण में जिले के उत्कृष्ट एवं सक्रिय पत्रकारों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले पत्रकारों ने संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें और अधिक जिम्मेदारी एवं समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।
मुख्य अतिथि प्रदेशाध्यक्ष संजय सोनी ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और समाज को सही दिशा देने में उसकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल एक पेशा नहीं बल्कि समाज सेवा का सशक्त माध्यम है। पत्रकारों को सदैव निर्भीक, निष्पक्ष और तथ्यपरक रहकर समाज के हित में कार्य करना चाहिए। उन्होंने संगठन की मजबूती और पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रदेश सचिव श्याम गुप्ता ने अपने संबोधन में संगठन की मजबूती, अनुशासन और आपसी समन्वय पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की सबसे बड़ी ताकत उनकी एकजुटता है और संगठन के माध्यम से ही पत्रकार अपने अधिकारों की रक्षा एवं समाजहित में प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं।
प्रदेश उपाध्यक्ष गौतम बालबोन्द्रे ने संगठन के विस्तार पर जोर देते हुए कहा कि युवा पत्रकारों को मंच प्रदान करना समय की मांग है। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य पत्रकारों को सशक्त बनाना और उन्हें उचित मार्गदर्शन देना है। महिला प्रकोष्ठ प्रदेश सचिव ऋचा खंडेलवाल ने महिला पत्रकारों की भागीदारी बढ़ाने एवं उन्हें सुरक्षित और सशक्त वातावरण प्रदान करने की आवश्यकता पर बल दिया।
महिला प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष पूजा जायसवाल ने कहा कि पत्रकारिता समाज की आवाज है और पत्रकारों को निष्पक्षता एवं ईमानदारी के साथ अपने दायित्व का निर्वहन करना चाहिए। जिलाध्यक्ष हिमांशु चौहान ने भी अपने संबोधन में पत्रकारों की जिम्मेदारियों, चुनौतियों और संगठन की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए सभी को एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावशाली रहा।
