स्वदेशी अपनाओ अभियान से महिलाओं को मिल रहा रोजगार, बघमरा में पत्तल निर्माण का प्रशिक्षण जारी



बालोद। राज्य शासन के “स्वदेशी अपनाओ अभियान” के तहत स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सराहनीय पहल की जा रही है। इसी क्रम में धमतरी जिले से गुजराडोमा, कुर्मातराई होते हुए पत्तल सामग्री लाकर ग्राम बघमरा में पत्तल निर्माण का कार्य प्रारंभ किया गया है।
ग्राम बघमरा में स्वदेशी अभियान के अंतर्गत महिलाओं को पत्तल बनाने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे ग्रामीण महिलाओं को घर बैठे रोजगार उपलब्ध हो सके और वे आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें। इस कार्य में महिला ट्रेनर दामनी साहू द्वारा महिलाओं को प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
ट्रेनर दामनी साहू ने बताया कि स्वदेशी अपनाओ अभियान का मुख्य उद्देश्य स्थानीय संसाधनों का उपयोग कर ग्रामीण महिलाओं को रोजगार से जोड़ना और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है। पत्तल निर्माण कार्य से जहां पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिल रहा है, वहीं महिलाओं के लिए आय का नया स्रोत भी तैयार हो रहा है।
ग्रामीण महिलाओं ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इस प्रशिक्षण से उन्हें नई दिशा मिली है और अब वे स्वावलंबी बनने की ओर अग्रसर हैं। स्वदेशी अभियान के तहत चल रहा यह कार्य गांव की महिलाओं के लिए प्रेरणादायक बनता जा रहा है और आने वाले समय में इससे बड़ी संख्या में महिलाओं को लाभ मिलने की उम्मीद है।
