छत्रपति शिवाजी महाराज जन्मोत्सव पर भव्य कार्यक्रम आज, नागरिकों से उपस्थिति की अपील

राजनांदगांव। हिंदवी स्वराज्य के संस्थापक और राष्ट्र गौरव छत्रपति शिवाजी महाराज के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर आज शाम 3:00 बजे कैल स्टेडियम चौक में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में शहर एवं आसपास के क्षेत्र के श्रद्धालु, सनातन धर्म के अनुयायी एवं समाज के विभिन्न वर्गों के लोग शामिल होंगे।
आयोजक राजनिंकांत चितवरकर (ममता नगर) ने जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन छत्रपति शिवाजी महाराज के आदर्शों, वीरता और राष्ट्रभक्ति को स्मरण करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। उन्होंने सभी हिंदू धर्म के प्रति श्रद्धा रखने वाले तथा स्वयं को सनातनी मानने वाले नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपनी श्रद्धा अर्पित करने की अपील की है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम में किसी भी प्रकार के आर्थिक सहयोग या चंदे की आवश्यकता नहीं है। केवल नागरिकों की उपस्थिति ही हिंदवी स्वराज्य के महान संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज के प्रति सच्ची और अभूतपूर्व श्रद्धांजलि होगी।
आयोजकों ने शहरवासियों से समय पर कार्यक्रम स्थल पहुंचकर आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया है, ताकि छत्रपति शिवाजी महाराज के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाया जा सके और युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत किया जा सके।
