Monday, February 16, 2026
Latest:
Uncategorized

पत्रकारों के सम्मान व सुरक्षा को लेकर प्रेस रिपोर्टर क्लब ने एसपी को सौंपा ज्ञापनअभद्रता करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की मांग, संगठन के प्रदेश पदाधिकारी रहे उपस्थित

राजनांदगांव। पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा एवं गरिमा की रक्षा को लेकर प्रेस रिपोर्टर क्लब द्वारा लगातार पहल की जा रही है। इसी क्रम में प्रेस रिपोर्टर क्लब के प्रदेश पदाधिकारियों के मार्गदर्शन में राजनांदगांव जिला अध्यक्ष रुपेश जोशी के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर एसपी अंकिता शर्मा को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में पत्रकारों के साथ हुए अभद्र व्यवहार, अपमानजनक भाषा एवं धमकी के मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन सौंपते समय प्रेस रिपोर्टर क्लब के प्रदेश अध्यक्ष संजय सोनी, प्रदेश संरक्षक महेंद्र सोनी, प्रदेश संयोजक राजू सोनी, प्रदेश कोषाध्यक्ष राजेश चैतवानी एवं मीडिया प्रभारी तुलसी गौतम की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी पदाधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि पत्रकारों के साथ किसी भी प्रकार की अभद्रता या अपमानजनक व्यवहार को संगठन कतई बर्दाश्त नहीं करेगा।
प्रेस रिपोर्टर क्लब के जिला अध्यक्ष रुपेश जोशी ने पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा को सौंपे गए आवेदन में बताया कि हाल ही में कुछ व्यक्तियों द्वारा पत्रकारों के साथ अभद्र व्यवहार, अपमानजनक भाषा एवं मानसिक दबाव बनाने का प्रयास किया गया। यह न केवल पत्रकारों का अपमान है, बल्कि स्वतंत्र एवं निष्पक्ष पत्रकारिता पर भी सीधा प्रहार है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो असामाजिक तत्वों के हौसले और बुलंद हो सकते हैं।
प्रदेश अध्यक्ष संजय सोनी ने कहा कि पत्रकार समाज का चौथा स्तंभ है और लोकतंत्र की मजबूती में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। पत्रकार शासन-प्रशासन और जनता के बीच सेतु का कार्य करते हैं, इसलिए उनके सम्मान और सुरक्षा को सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रेस रिपोर्टर क्लब हमेशा पत्रकारों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
प्रदेश संरक्षक महेंद्र सोनी एवं प्रदेश संयोजक राजू सोनी ने भी प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति पत्रकारों के साथ अभद्रता करने का साहस न कर सके। प्रदेश कोषाध्यक्ष राजेश चैतवानी एवं मीडिया प्रभारी तुलसी गौतम ने कहा कि संगठन पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए एकजुट है और आवश्यकता पड़ने पर व्यापक स्तर पर आंदोलन भी किया जाएगा।
प्रेस रिपोर्टर क्लब के पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा से उम्मीद जताई कि राजनांदगांव पुलिस प्रशासन पत्रकारों की सुरक्षा एवं सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए त्वरित कार्रवाई करेगा और दोषियों के विरुद्ध कड़ा कदम उठाएगा। संगठन ने स्पष्ट किया कि पत्रकारों की गरिमा के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार्य नहीं है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई होना अत्यंत आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *