Monday, February 16, 2026
Latest:
Uncategorized

पत्रकारों के सम्मान की रक्षा हेतु प्रेस रिपोर्टर क्लब ने उठाई सशक्त आवाजअभद्रता व गाली-गलौज करने वाले व्यक्ति पर कार्रवाई की मांग, रायगढ़ एसपी को सौंपा विस्तृत आवेदन

रायगढ़। पत्रकारों की गरिमा, सुरक्षा एवं सम्मान की रक्षा को लेकर प्रेस रिपोर्टर क्लब लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहा है। इसी कड़ी में संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने रायगढ़ जिले के ऊर्जावान आईपीएस अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह से मुलाकात कर पत्रकारों के साथ अभद्र व्यवहार, अपमानजनक टिप्पणी एवं गाली-गलौज करने वाले व्यक्ति के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए एक विस्तृत आवेदन सौंपा।
प्रेस रिपोर्टर क्लब के प्रदेश सचिव श्याम गुप्ता, जिलाध्यक्ष हिमांशु चौहान, उपाध्यक्ष परमजीत सिंह भाटिया तथा संभागीय पदाधिकारी पिंगल बघेल की गरिमामयी उपस्थिति में प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर मामले की गंभीरता से जानकारी दी। संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि एक व्यक्ति द्वारा लगातार पत्रकारों के साथ अपमानजनक व्यवहार, गाली-गलौज एवं धमकीपूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है, जिससे पत्रकारों के सम्मान को ठेस पहुंच रही है और स्वतंत्र पत्रकारिता प्रभावित हो रही है।
प्रतिनिधिमंडल ने एसपी शशि मोहन सिंह को सौंपे आवेदन में उल्लेख किया कि उक्त व्यक्ति भोजन भट्ट के विरुद्ध पूर्व में भी प्रेस रिपोर्टर क्लब द्वारा शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है। इस संबंध में जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन को भी अवगत कराया गया था, किन्तु अब तक अपेक्षित कठोर कार्रवाई नहीं होने से संबंधित व्यक्ति के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। संगठन ने कहा कि बार-बार समझाइश के बावजूद यदि कोई व्यक्ति पत्रकारों के साथ अभद्रता करता है तो यह न केवल पत्रकारों का अपमान है, बल्कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर भी सीधा प्रहार है।
प्रेस रिपोर्टर क्लब के पदाधिकारियों ने कहा कि पत्रकार समाज के लिए आईना होते हैं और शासन-प्रशासन तथा जनता के बीच सेतु का कार्य करते हैं। ऐसे में पत्रकारों के साथ अभद्र व्यवहार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी व्यक्ति पर कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति पत्रकारों के सम्मान को ठेस पहुंचाने का दुस्साहस न कर सके।
प्रतिनिधिमंडल ने यह भी बताया कि संगठन द्वारा पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रेस रिपोर्टर क्लब पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और यदि भविष्य में भी इस प्रकार की घटनाएं सामने आती हैं तो संगठन व्यापक स्तर पर आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेगा।
पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि रायगढ़ पुलिस प्रशासन इस संवेदनशील मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई करेगा और पत्रकारों के सम्मान एवं सुरक्षा को सुनिश्चित करेगा। संगठन ने कहा कि पत्रकारों की गरिमा की रक्षा करना समाज और प्रशासन दोनों की जिम्मेदारी है और इसके लिए सभी को मिलकर सकारात्मक पहल करनी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *