प्रेस रिपोर्टर क्लब के अपमान के विरोध में जांजगीर में एसपी को लिखित शिकायत प्रस्तुत की गई

जांजगीर–चांपा।प्रेस रिपोर्टर क्लब की गरिमा एवं सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली अभद्र टिप्पणी के विरोध में प्रेस रिपोर्टर क्लब, जांजगीर–चांपा के जिला अध्यक्ष दीपक बंजारे द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत प्रस्तुत की गई।
प्रस्तुत शिकायत में उल्लेख किया गया कि बोधन भट्ट, पिता गेंदालाल भट्ट द्वारा प्रेस रिपोर्टर क्लब एवं उसके सदस्यों के संबंध में सोशल मीडिया पर अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है, जिससे संगठन की छवि धूमिल हुई है और पत्रकारों की गरिमा को ठेस पहुंची है।
आवेदन में मांग की गई है कि संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध शीघ्र एवं विधिसम्मत कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी भी पत्रकार संगठन या उसके सदस्यों के सम्मान को ठेस पहुंचाने की पुनरावृत्ति न हो।
साथ ही यह भी अवगत कराया गया है कि यदि शीघ्र उचित कार्रवाई नहीं की जाती है, तो प्रदेश टीम के आह्वान पर प्रेस रिपोर्टर क्लब जांजगीर–चांपा सहित छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों में संबंधित थाना एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालयों में लिखित शिकायत प्रस्तुत कर राज्यव्यापी कार्रवाई की मांग की जाएगी।
यह शिकायत संगठन की गरिमा एवं पत्रकारों के सम्मान की रक्षा हेतु प्रदेश स्तर पर लिए गए निर्णय के अंतर्गत प्रस्तुत की गई है।
