राज्यपाल सम्मान से गौरवान्वित बीजाभाठा विद्यालय, प्राचार्य डॉ. शोभा श्रीवास्तव के लिए राष्ट्रपति सम्मान की मांग


राजनांदगांव जिले के विकासखंड डोंगरगांव अंतर्गत ग्राम बीजाभाठा स्थित शासकीय उच्च माध्यमिक शाला आज पूरे जिले में नवाचार, कौशल शिक्षा और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण का अनोखा केंद्र बनकर उभरी है। ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा और स्वरोजगार को एक साथ जोड़ने वाले इस विद्यालय ने जिले ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश में एक नई मिसाल पेश की है। यदि राज्य शासन इस मॉडल का व्यापक स्तर पर अनुकरण करे, तो ग्रामीण विद्यार्थियों की शिक्षा और रोजगार की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार संभव है।
विद्यालय की प्राचार्य डॉ. सुश्री शोभा श्रीवास्तव ने पिछले लगभग 10 वर्षों में इस संस्था को एक सशक्त आधार प्रदान किया है। उनके नेतृत्व में यह विद्यालय केवल पढ़ाई का केंद्र नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता, कौशल विकास और रोजगारपरक शिक्षा का प्रमुख प्रशिक्षण केंद्र बन चुका है। उन्होंने शिक्षा के साथ व्यावसायिक और तकनीकी प्रशिक्षण को जोड़कर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त किया है।
विद्यालय में कृषि, इलेक्ट्रॉनिक रिपेयरिंग, जैव विद्युत, मशरूम उत्पादन और अन्य व्यावसायिक विषयों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यहां पढ़ने वाले ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थी शिक्षा के साथ व्यावहारिक कौशल सीखकर स्वयं का व्यवसाय प्रारंभ करने में सक्षम हो रहे हैं। कई छात्र विद्यालय परिसर में ही इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मरम्मत, जैव विद्युत और कृषि आधारित कार्य कर स्वयं आय अर्जित कर रहे हैं, जिससे उनमें आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता का विकास हो रहा है।
मशरूम उत्पादन के क्षेत्र में भी विद्यालय ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। कृषि व्यावसायिक प्रशिक्षक श्री धनेश्वर वर्मा के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने इस सत्र में लगभग 40 किलो मशरूम का उत्पादन कर विक्रय किया, जिससे उन्हें तकनीकी ज्ञान के साथ व्यवसायिक अनुभव भी प्राप्त हुआ।
विद्यालय के अन्य शिक्षकों में भूपेंद्र कुमार देवांगन (इलेक्ट्रॉनिक एवं हार्डवेयर व्यावसायिक प्रशिक्षक), मिथिलेश कुमार साहू (अटल टिंकरिंग लैब प्रभारी) तथा नोहर दास साहू (आईसीटी प्रभारी एवं वरिष्ठ व्याख्याता) का योगदान भी अत्यंत सराहनीय है। सभी शिक्षक मिलकर विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा, तकनीकी ज्ञान और रोजगारपरक प्रशिक्षण प्रदान कर रहे हैं।
इस वर्ष उत्कृष्ट शिक्षा गुणवत्ता, नवाचार और विद्यालय विकास में विशेष योगदान के लिए प्राचार्य डॉ. सुश्री शोभा श्रीवास्तव को राज्यपाल द्वारा सम्मानित किया गया है, जिससे पूरे विद्यालय परिवार और क्षेत्र में हर्ष का वातावरण है।
छत्तीसगढ़ शासन से पंजीकृत संस्था प्रेस रिपोर्टर क्लब ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मांग की है कि डॉ. शोभा श्रीवास्तव के उत्कृष्ट कार्यों और शिक्षा के क्षेत्र में उनके अनुकरणीय योगदान को देखते हुए उनका नाम आगामी समय में राष्ट्रपति सम्मान के लिए भी प्रस्तावित किया जाए।
प्रेस रिपोर्टर क्लब का मानना है कि डॉ. शोभा श्रीवास्तव जैसे अनुशासित, दूरदर्शी और समर्पित व्यक्तित्व को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलने से न केवल विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ेगा, बल्कि पूरे प्रदेश में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण और नवाचार को भी नई दिशा मिलेगी।
