Uncategorized

स्कूल जीवन का स्वर्णिम काल, इसका सदैव सदुपयोग करें – त्रिलोक चंद्र श्रीवास

बिलासपुर।स्कूल जीवन किसी भी व्यक्ति के जीवन का सबसे स्वर्णिम और यादगार काल होता है। व्यक्ति चाहे जीवन में कितना भी आगे बढ़ जाए, उसके मन में यह इच्छा अवश्य रहती है कि वह फिर से अपने स्कूल के दिनों में लौट सके। उक्त विचार त्रिलोक चंद्र श्रीवास ने मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मछखंडी स्थित अयूब खान उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के वार्षिक उत्सव समारोह को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।

उन्होंने विद्यालय में अध्ययनरत समस्त छात्र-छात्राओं से आग्रह किया कि वे अपने स्कूल जीवन के इस अमूल्य समय का सदुपयोग करें, जीवन में नए कीर्तिमान स्थापित करें और अपने विद्यालय, गुरुजनों, माता-पिता तथा क्षेत्र का नाम रोशन करें।

कार्यक्रम को देश के ख्यातिप्राप्त कवि मीर अली मीर, शाला संचालक इदरीस खान, जनपद सदस्य विजय गुप्ता तथा ग्राम सरपंच इंदु सिंह ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा अनेक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं।

समारोह के दौरान त्रिलोक चंद्र श्रीवास सहित अन्य अतिथियों का शाल, श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में ठाकुर पवन सिंह, चंद्रप्रकाश केसरवानी, लोक प्रकाश दिवाकर, शुभम श्रीवास, मोहन गुप्ता, दुबे, धृतलहरे सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, जनप्रतिनिधि एवं शाला परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

इस अवसर पर क्षेत्रवासियों एवं विद्यालय परिवार द्वारा त्रिलोक चंद्र श्रीवास के आगमन पर आतिशबाजी एवं पुष्पहारों से भव्य स्वागत किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *