148वें सप्ताह भी जारी रहा स्वच्छता अभियान, ग्राम पीपरछेड़ी में चला स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम


धमतरी। हरा-भरा, स्वच्छ धरा के उद्देश्य को साकार करने के लिए स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति छत्तीसगढ़ की टीम द्वारा लगातार 148वें सप्ताह ग्राम पंचायत पीपरछेड़ी में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान परम पूज्य गुरुदेव बिरेंद्र देशमुख तथा संस्थापक प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
अभियान के अंतर्गत ग्राम पीपरछेड़ी के गौरव पथ के आसपास कचरे से भरी बदबूदार नालियों की सफाई की गई, साथ ही आसपास उगे कंटीले झाड़ियों एवं खरपतवार को हटाकर क्षेत्र को स्वच्छ बनाया गया। इसके अलावा ग्राम की अन्य नालियों की भी साफ-सफाई कर ग्रामीणों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित सरपंच आशनी साहू ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि आज की गई स्वच्छता को निरंतर बनाए रखें, नालियों को साफ-सुथरा रखें और उनमें किसी भी प्रकार का कचरा न डालें।
इस अवसर पर समिति के संस्थापक प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल ने कहा कि स्वच्छता को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए, क्योंकि स्वच्छता में ही ईश्वर का वास होता है। उन्होंने संदेश दिया— “स्वच्छ धरा पर चल, होगा हर समस्या हल।”
ग्राम पीपरछेड़ी प्रभारी गौसेवक दिनेश कुमार देशमुख ने कहा कि समिति स्वयं स्वच्छता का पालन कर समाज को इसके लिए प्रेरित करने का कार्य कर रही है। उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि अपने आसपास स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के कार्यों को अपनाकर अन्य लोगों को भी जागरूक करें।
इस जागरूकता अभियान में दिनेश कुमार देशमुख, लालजी देशमुख, रामनाथ देशमुख, ईश्वर हरदेल, तोमेश देशमुख, छन्नू देशमुख, नारायण यादव, पुरण साहू, नेमेस साहू, टीकम साहू, नेमेश्वर साहू (पंच) तथा आशनी साहू (सरपंच) सहित ग्रामवासी सक्रिय रूप से शामिल हुए।

