Uncategorized

लायंस क्लब बिलासपुर वसुंधरा ने शासकीय शाला परसदा में की शैक्षणिक गतिविधि

ढाई सौ बच्चों को बांटी कॉपियां, पेन और पेंसिल, ग्रामीण बच्चों की शिक्षा में सहयोग का संकल्प

बिलासपुर। लायंस क्लब बिलासपुर वसुंधरा द्वारा डिस्ट्रिक्ट प्रोजेक्ट ‘प्रेरणा’ के अंतर्गत कोटा रोड स्थित ग्राम परसदा की शासकीय प्राथमिक शाला में शैक्षणिक सेवा गतिविधि का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के करीब 250 बच्चों को नोटबुक, पेन और पेंसिल का वितरण किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन क्लब अध्यक्ष पीएमजेएफ संजना मिश्रा के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर क्लब पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने बच्चों को शैक्षणिक सामग्री वितरित कर उन्हें शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया।

क्लब पदाधिकारियों ने कहा कि शासकीय विद्यालयों में शासन की ओर से पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराई जाती हैं, लेकिन ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों के सामने कॉपी, पेन, पेंसिल और अन्य शैक्षणिक सामग्री की कमी अक्सर बनी रहती है। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए क्लब द्वारा यह सेवा गतिविधि आयोजित की गई।

कार्यक्रम में क्लब सचिव मंजू मिश्रा, रीजन चेयरपर्सन अर्चना तिवारी, जोन चेयरपर्सन डॉ. रश्मि लता मिश्रा, मंगला कदम, उषा मुदलियार, शोभा चाहिल और अनिमा मिश्रा ने उपस्थित होकर स्टेशनरी वितरण में सहयोग किया। वहीं क्लब की वरिष्ठ सदस्य सावित्री जायसवाल, रेखा गुल्ला, मंजू तिवारी, सुजाता मिश्रा एवं मंजुला शिंदे ने भी बच्चों को दी जाने वाली शैक्षणिक सामग्री में सहयोग प्रदान किया।

लायंस क्लब बिलासपुर वसुंधरा के सदस्यों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चे शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। छोटी-छोटी आवश्यक शैक्षणिक सामग्रियों के अभाव में उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो, इसी उद्देश्य से क्लब द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग की पहल की गई है।

क्लब की ओर से विद्यालय प्रबंधन को आश्वस्त किया गया कि भविष्य में भी ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों की शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास के लिए इसी प्रकार की सेवा गतिविधियां जारी रखी जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *