Thursday, August 6, 2026
Latest:
Uncategorized

15 अगस्त को उल्लास महा चौपाल के माध्यम से चलेगा शत-प्रतिशत साक्षरता अभियान

देश के युवाओं की भागीदारी अभियान की सफलता के लिए महत्वपूर्ण : बसंत चतुर्वेदी

बम्हनीडीह। भारत सरकार के उल्लास-नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत छत्तीसगढ़ शासन ने वर्ष 2026-27 में प्रदेश को शत-प्रतिशत साक्षर बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसी क्रम में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर साक्षरता को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से ‘उल्लास महा चौपाल’ का आयोजन किया जाएगा। इसकी तैयारियों के तहत बुधवार को विकासखंड बम्हनीडीह के बीआरसी सभा भवन में ग्राम प्रभारियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी बसंत चतुर्वेदी ने कहा कि उल्लास अभियान के मूल मंत्र “जन-जन साक्षर और कर्तव्य बोध” को साकार करने में देश के युवाओं की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य 15 वर्ष से अधिक आयु के ऐसे वयस्कों को साक्षर बनाना है, जो किसी कारणवश विद्यालयी शिक्षा प्राप्त नहीं कर सके हैं।

उन्होंने ग्राम प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने ग्रामों में 15 अगस्त को उल्लास महा चौपाल का प्रभावी आयोजन सुनिश्चित करें तथा अधिक से अधिक लोगों को साक्षरता अभियान से जोड़ें।

ग्राम स्तर पर होंगे विविध जनजागरूकता कार्यक्रम

प्रशिक्षण में उल्लास साक्षरता मोबाइल टॉर्च रैली, मशाल रैली, प्रभात फेरी, साक्षरता ध्वजारोहण, सामूहिक उल्लास शपथ, महा चौपाल, कहानियों का कारवां, मातृत्व साक्षरता महा संकल्प, उल्लास हेल्प डेस्क (पंजीयन शिविर), डिजिटल एवं साक्षरता सेल्फी प्वाइंट, अंगूठा मुक्त पंचायत, ‘अंगूठे से कलम तक’ सम्मान समारोह, प्रशस्ति पत्र वितरण, साक्षरता रंगोली, नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रम, उल्लास की घंटी, उल्लास दीवार, खेलकूद प्रतियोगिताएं, साक्षरता सर्वेक्षण, नारा लेखन तथा कैंडल मार्च सहित विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी गई।

साथ ही ग्राम प्रभारियों को सर्वेक्षण कार्य समय पर पूरा कर ऑनलाइन प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

सोशल मीडिया अभियान पर दिया गया विशेष जोर

बीआरसी एच.के. बेहार ने सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग पर जानकारी देते हुए एक्स (ट्विटर), फेसबुक, व्हाट्सएप सहित विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अभियान के प्रचार-प्रसार की रणनीति बताई। उन्होंने 15 अगस्त को सभी से अपने व्हाट्सएप डीपी और स्टेटस पर उल्लास अभियान का लोगो लगाने की अपील की।

विकासखंड परियोजना अधिकारी (साक्षर भारत) उमेश कुमार दुबे ने राज्य स्तरीय वेबीनार में प्राप्त निर्देशों की जानकारी देते हुए बताया कि 14 अगस्त को मशाल रैली तथा 15 अगस्त को उल्लास महा चौपाल के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने अभियान के डिजिटल शपथ, थीम और हैशटैग की भी विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम के अंत में विकासखंड शिक्षा अधिकारी बसंत चतुर्वेदी ने सभी ग्राम प्रभारियों को शत-प्रतिशत साक्षरता अभियान को सफल बनाने की शपथ दिलाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *