नवरात्रि के पावन अवसर पर सोनी समाज की बहनों ने किया सामूहिक सुहागले का आयोजन

रायपुर | संवाददाता
नवरात्रि के पावन पर्व पर सोनी समाज की महिलाओं द्वारा शिव मंदिर बैजनाथ पारा में सामूहिक सुहागले का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर धार्मिक आस्था और परंपरा का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया।
महिला सोनी समाज की राष्ट्रीय सचिव सविता गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि इस शुभ अवसर पर सभी बहनों ने एक-दूसरे को सुहाग सामग्री वितरित कर अपने-अपने पति की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम के दौरान माता रानी के भजनों की मधुर ध्वनि से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया, जिससे उपस्थित सभी महिलाएं भाव-विभोर हो उठीं।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से सुधा सोनी, सिल्कोमा पूजा, दिव्या, अंजू, सपना, सुनीता, आशा, ज्योति, मीनाक्षी, प्रतिभा, कल्पना, अंजलि, ज्योति सोनी एवं सरिता सहित अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के माध्यम से सोनी समाज की महिलाओं ने आपसी प्रेम, एकता और सौहार्द का परिचय देते हुए सामाजिक समरसता का संदेश दिया। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक रहा, बल्कि समाज में एकजुटता और पारंपरिक मूल्यों को भी सुदृढ़ करने वाला साबित हुआ।
