Uncategorized

नारी मंच के 29वें स्थापना दिवस पर अभिनंदन समारोह एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन

बालाघाट। जिले की साहित्यिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था नारी मंच के 28 वर्ष पूर्ण होने तथा 29वें स्थापना दिवस के अवसर पर तीन दिवसीय कार्यक्रमों के तहत अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया।

16 मार्च को शीतल पैलेस में आयोजित स्थापना दिवस, अभिनंदन समारोह एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम में विधायक अनुभा मुंजारे, नगरपालिका परिषद अध्यक्षा भारती ठाकुर, होमगार्ड कमांडेंट रजनी खटीक, यातायात थाना प्रभारी यीना रहांगडाले, जिला पंचायत की पूर्व अध्यक्ष रेखा बिसेन, शिक्षाविद् लता एलकर, चिंता मिश्रा सहित संस्था की कार्यवाहक अध्यक्ष चंदा जायसवाल, उपाध्यक्ष सरला माहुले एवं कोषाध्यक्ष की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम की शुरुआत सुषमा नाविक द्वारा “शुभमं करोति कल्याणं” मंत्रोच्चारण तथा निर्मला शुक्ला द्वारा गणेश वंदना से की गई। मंचासीन अतिथियों का स्वागत शांता तिवारी सहित अन्य सदस्यों ने किया। सुषमा नाविक ने संस्था का संक्षिप्त प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जबकि शांता तिवारी ने मंच की परिकल्पना पर प्रकाश डाला। अतिथियों ने अपने उद्बोधनों में नारी मंच द्वारा किए जा रहे साहित्यिक एवं सामाजिक कार्यों की सराहना की। विधायक अनुभा मुंजारे ने संबोधन के साथ एक मधुर गीत की प्रस्तुति भी दी।

इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए वर्षा उरकुड़े (रंगोली कला), माही शुक्ला (साहित्य), वसुन्धरा दुबे (घुड़सवारी में दो बार गोल्ड मेडल) एवं आरव पुरोहित (कराते में चार गोल्ड मेडल) को अभिनंदन पत्र एवं शील्ड देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी मातृशक्तियों का पारंपरिक रूप से हल्दी-कुमकुम से स्वागत किया गया। औपचारिक कार्यक्रमों के पश्चात सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की शुरुआत “इतनी शक्ति हमें देना दाता” सामूहिक प्रार्थना से हुई। इसके बाद गीत, संगीत एवं नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

नारी मंच की विशेष प्रस्तुति के अंतर्गत संयुक्त परिवार की अवधारणा पर आधारित नृत्य नाटिका प्रस्तुत की गई। वहीं कायस्थ विकास परिषद महिला मंडल की सदस्यों द्वारा मोबाइल के बढ़ते प्रभाव पर आधारित पैरोडी नृत्य ने खूब सराहना बटोरी। पर्यावरण संरक्षण विषय पर “ये कैसा विकास” शीर्षक लघु नाटक का प्रभावी मंचन भी किया गया, जिसका लेखन एवं निर्देशन शांता तिवारी द्वारा किया गया।

संस्थापक अध्यक्ष ने सभी सदस्यों एवं सहयोगियों के योगदान की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में नई सदस्य प्रियंका माहुले सहित सभी सदस्यों का विशेष योगदान रहा। संस्था ने प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *