बालोद में शांति, सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द के साथ हर्षोल्लासपूर्वक मना होली का पर्व

बालोद। रंगों, उमंग और भाईचारे का प्रतीक होली इस वर्ष जिले भर में उत्साह और उल्लास के साथ पूरी शांति से संपन्न हुआ। जिला पुलिस प्रशासन की सुदृढ़ व्यवस्था, सतत निगरानी और आम नागरिकों के सक्रिय सहयोग से पूरे जिले में कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रही तथा कहीं भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना, हुड़दंग या विवाद की स्थिति निर्मित नहीं हुई।
जिला पुलिस अधीक्षक एव उप पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में होली पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु पूर्व से ही व्यापक रणनीति तैयार की गई थी। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए थे। संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की पहचान कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई। चौक-चौराहों, प्रमुख बाजारों और आवागमन के मुख्य मार्गों पर नियमित गश्त के साथ-साथ असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी गई।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई और आवश्यकतानुसार जांच भी की गई। पुलिस की इस सक्रियता के कारण सड़क दुर्घटनाओं एवं अव्यवस्था की स्थिति पर प्रभावी नियंत्रण बना रहा।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी थाना स्तर पर लगातार पेट्रोलिंग की गई, जिससे ग्रामीण अंचलों में भी शांति और सुरक्षा का वातावरण कायम रहा। पुलिस अधिकारियों द्वारा स्वयं विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया और जवानों का उत्साहवर्धन किया गया।
होली के अवसर पर जिलेवासियों ने भी परिपक्वता और जिम्मेदारी का परिचय दिया। युवाओं ने संयमित एवं मर्यादित तरीके से रंगोत्सव मनाया। समाज के सभी वर्गों ने मिलकर आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का संदेश दिया। मंदिरों, मोहल्लों और सार्वजनिक स्थलों पर पारंपरिक उत्साह देखने को मिला, वहीं सामाजिक समरसता की सुंदर झलक भी नजर आई।
पुलिस प्रशासन ने त्योहार के दौरान आमजन से शांति बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की थी, जिसका सकारात्मक प्रभाव देखने को मिला। नागरिकों ने प्रशासन के प्रति विश्वास व्यक्त करते हुए शांतिपूर्ण आयोजन के लिए पुलिस विभाग की सराहना की।
कुल मिलाकर, बालोद जिले में इस वर्ष होली का पर्व अनुशासन, सौहार्द, सामाजिक एकता और प्रशासनिक सजगता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
