Uncategorized

गौसेवा आर्मी द्वारा छत्रपति शिवाजी महाराज जन्मोत्सव पर भव्य शोभायात्रा एवं भंडारे का आयोजन

राजनांदगांव।संस्था गौसेवा आर्मी द्वारा छत्रपति शिवाजी महाराज के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में राजनांदगांव शहर में भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। यह शोभायात्रा स्टेडियम चौक से प्रारंभ होकर मानामंदी चौक, लोकविज्ञान चौक सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए नगर भ्रमण करती हुई निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं शिवभक्त शामिल हुए।
शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण घोड़े पर सवार छत्रपति शिवाजी महाराज की आकर्षक झांकी रही। उनके साथ उनकी पत्नी की झांकी भी विशेष रूप से लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही। पारंपरिक वेशभूषा में शामिल शिवाजी महाराज के अनुयायियों ने पूरे उत्साह एवं जोश के साथ नगर भ्रमण किया। शोभायात्रा के दौरान देशभक्ति के नारों, ढोल-नगाड़ों और जयघोष से पूरा शहर शिवमय वातावरण में सराबोर रहा।
नगर भ्रमण के पश्चात शोभायात्रा का समापन राजनांदगांव शहर के शिवाजी पार्क स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा स्थल पर किया गया, जहां उपस्थित सभी सदस्यों ने श्रद्धापूर्वक पुष्पांजलि अर्पित कर महाराज के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। इसके पश्चात गौसेवा आर्मी के सदस्यों द्वारा विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस आयोजन में प्रमुख रूप से गौसेवा आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष कुंदन सोनी, संरक्षक शिवशंकर गौर, सचिव आशीष खोबरागढ़े, श्रीवम चौधरी, रजनीकांत चिरवतकर, दीपक साहू, रितेश धराड़े, अखिलेश यादव, तेजू आहूजा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं पुरुष उपस्थित रहे।
गौसेवा आर्मी के पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था समाज में सेवा, संस्कार और राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा भविष्य में भी इसी प्रकार के सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *