नगर पालिका निगम बिलासपुर की सामान्य सभा में वार्ड 46 के मुद्दे गूंजे


गणेश नगर के विकास, निधि आवंटन और जनसुविधाओं पर पार्षद अब्दुल इब्राहिम खान की मुखर पहल
बिलासपुर। नगर पालिका निगम की सामान्य सभा बैठक में वार्ड क्रमांक 46 गणेश नगर के पार्षद अब्दुल इब्राहिम खान ने अपने वार्ड में लंबित विकास कार्यों, निधि आवंटन में कथित असमानता और जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
पार्षद ने आरोप लगाया कि कांग्रेसी पार्षदों को विकास कार्यों हेतु अपेक्षित निधि सहयोग नहीं दिया जा रहा है तथा कार्यों में दलगत आधार पर प्राथमिकता दी जा रही है, जो शहर के संतुलित और समग्र विकास की दृष्टि से उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि विकास में भेदभाव की स्थिति से आम जनता प्रभावित होती है।
सड़कों, नाला, पेयजल व्यवस्था, पंप रिपेयरिंग, पाईप लाइन लीकेज और लंबित कार्यों पर चिंता-
पार्षद ने गणेश नगर की जर्जर सड़कों, पंप रिपेयरिंग, पाईप लाईन लीकेज मरम्मत के लिए धन की कमी और मूलभूत सुविधाओं में विलंब का मुद्दा उठाते हुए कहा कि संबंधित कार्यालयों में फंड अभाव का हवाला दिया जाता है, जिससे वार्डवासियों को जवाब देना कठिन हो रहा है।
उन्होंने पूर्व में आयोजित शिविर में प्राप्त 188 आवेदनों के निराकरण की स्थिति स्पष्ट करने की भी मांग की।
सुरक्षा, पट्टा वितरण और आधारभूत ढांचा-
पार्षद ने “मोर जमीन-मोर मकान” योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों को शीघ्र पट्टा वितरण की मांग दोहराई। साथ ही वार्ड में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने हेतु पार्षद निधि से सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की आवश्यकता बताई।
गणेश नगर की ओर स्थित फ्लाईओवर ब्रिज के जर्जर प्रवेश द्वार के गिरने के बाद अब तक पुनः स्थापना न होने का विषय भी उन्होंने सभा में रखा। साथ ही ओवर ब्रिज से चौक तक स्मार्ट सड़क सिग्नल पॉइंट डिवाइड बनाकर दोनों तरफ लाइट लगाने की मांग किया।
टेंडर प्रक्रिया पारदर्शी और निर्माण कार्य में गुणवत्ता की मांग-
उन्होंने मांग की कि प्रत्येक निर्माण कार्य में संबंधित पार्षद की अनुशंसा शामिल की जाए, जिससे कार्य गुणवत्ता के साथ संपन्न हों और ठेकेदार जवाबदेह रहें। नाली सफाई टेंडर में अनुभव की अनिवार्यता को लेकर भी पारदर्शिता सुनिश्चित करने की बात कही। जिससे किसी भी नए ठेकेदारों को टेंडर भरने में दिक्कत न हो।
आम जनता की प्रशासनिक परेशानियाँ-
पार्षद ने यह भी कहा कि आम नागरिक विभिन्न प्रशासनिक प्रक्रियाओं के कारण लगातार परेशान हो रहे हैं। कभी SIR के नाम पर, कभी राशन कार्ड KYC के नाम पर तो कभी आधार कार्ड अपडेट के नाम पर लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। उन्होंने आग्रह किया कि इन प्रक्रियाओं को सरल और व्यवस्थित किया जाए, ताकि आम जनता को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।
पार्षद अब्दुल इब्राहिम खान ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य राजनीतिक विवाद खड़ा करना नहीं, बल्कि वार्ड 46 और शहर के सभी वार्डों में निष्पक्ष विकास सुनिश्चित करना है। सामान्य सभा में उठाए गए इन मुद्दों पर प्रशासन से सकारात्मक और ठोस कार्रवाई की अपेक्षा की गई है।
