बिलासपुर में अंतरराष्ट्रीय संत बौद्धिक मंच के प्रदेश कार्यालय का उद्घाटन






बिलासपुर।उसलापुर रोड स्थित मंगला चौक में अंतरराष्ट्रीय संत बौद्धिक मंच के प्रदेश कार्यालय का उद्घाटन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष स्वदेशानंद महाराज के करकमलों से तथा अंतरराष्ट्रीय संगठन महामंत्री राजराजेश्वर के सानिध्य में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात विभिन्न प्रांतों से आए पदाधिकारियों का परिचय कराया गया और आपसी संवाद के माध्यम से कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया। इस अवसर पर संभागीय अध्यक्ष रितेश शुक्ला, राष्ट्रीय महामंत्री अनामिका दुबे, प्रदेश उपाध्यक्ष संजय गुप्ता, राष्ट्रीय प्रस्तावक देवी लाल साहू, उमाशंकर साहू सहित युवा मोर्चा एवं नव भारत मिशन से जुड़े पदाधिकारी उपस्थित रहे।
अंतरराष्ट्रीय संत बौद्धिक मंच के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष स्वदेशानंद ब्रह्मगिरी महाराज ने अपने उद्बोधन में संगठन के भावी कार्यों और सामाजिक एकजुटता पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने देशहित में संगठित प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया तथा विभिन्न सामाजिक विषयों पर अपने विचार साझा किए।
प्रदेश कार्यालय के शुभारंभ को संगठन के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए वक्ताओं ने कहा कि इससे भविष्य में संगठनात्मक गतिविधियों को गति मिलेगी। वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय गुप्ता एवं उनकी टीम को कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए बधाई दी गई।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष जितेंद्र कौशिक ने उपस्थित अंतरराष्ट्रीय, संभागीय एवं जिला स्तर के पदाधिकारियों और सदस्यों का स्वागत किया। अंतरराष्ट्रीय संगठन महामंत्री ने भी अपने संबोधन में संगठन को मजबूत करने और समन्वित प्रयासों पर जोर दिया।

कार्यक्रम के दौरान संगठन में विभिन्न पदों पर नियुक्तियां भी की गईं। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय की अधिवक्ता प्रार्थना खंडेलवाल को प्रदेश विधि प्रकोष्ठ का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। नियुक्ति प्रक्रिया वरिष्ठ पत्रकार एवं नव भारत मिशन के प्रदेश पदाधिकारी सुरजीत सिंह चावला, ध्रुव चंद्रा, गौ सेवा समिति अध्यक्ष उमाकांत मिश्रा, लोक कला संस्कृति मंच अध्यक्ष राजेंद्र कश्यप, महिला मोर्चा अध्यक्ष गीता सोंचे तथा जिला महामंत्री उमा तिवारी की उपस्थिति में संपन्न हुई।
कार्यक्रम के अंत में संजय गुप्ता एवं उनकी धर्मपत्नी ने सभी अतिथियों और उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजन में बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
