Tuesday, August 4, 2026
Latest:
Uncategorized

बीएसपी सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-7 में 25वां वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित

भिलाई। बीएसपी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-7, भिलाई में विद्यालय की रजत जयंती के अवसर पर “स्पार्कल–25” के तहत 25वां वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह भव्य रूप से आयोजित किया गया। यह आयोजन 6 जनवरी 2026 को विद्यालय परिसर स्थित सभागार में संपन्न हुआ, जिसमें विद्यार्थियों की 25 वर्षों की शैक्षणिक उत्कृष्टता, खेल उपलब्धियों और सहपाठ्यक्रम गतिविधियों में योगदान को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिक्षा विभाग के निदेशक (एमएम) अजय कुमार चक्रवर्ती तथा विशिष्ट अतिथि टीएसडी एवं सीएसआर विभाग के उत्पल दत्ता रहे। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के महाप्रबंधक ए बी श्रीनिवासन, शिखा दुबे, पीटीए सदस्य, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

समारोह का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत, दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। पीटीए अध्यक्ष भुवनेश्वर सिंह ने स्वागत भाषण दिया। विद्यालय की प्रधानाचार्या रूबी बर्मन रॉय ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए विद्यार्थियों की शैक्षणिक, खेलकूद एवं सहपाठ्यक्रम गतिविधियों में उल्लेखनीय उपलब्धियों की जानकारी दी।

इस अवसर पर शैक्षणिक, खेलकूद और सहपाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा में 91.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर नौशाबा नाज़ ने विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कक्षा 10वीं में 95.4 प्रतिशत अंकों के साथ दीपक निषाद ने श्रेष्ठ प्रदर्शन किया। खेल क्षेत्र में 7 राष्ट्रीय एवं 5 राज्य स्तरीय खिलाड़ियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। सहपाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट योगदान के लिए मनप्रीत सिंह लोहिया, तीस्ता और गरिमा तिवारी को विशेष सम्मान दिया गया। कक्षा 12वीं की मनप्रीत कौर लोहिया को विद्यालय की “स्टार ऑफ द ईयर” घोषित किया गया, वहीं प्लूटो हाउस को सर्वश्रेष्ठ हाउस का पुरस्कार मिला।

मुख्य अतिथि अजय कुमार चक्रवर्ती ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों और सर्वांगीण विकास हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने विद्यालय को शहर ही नहीं, बल्कि राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर भी अग्रणी संस्था बताया।

कार्यक्रम के दौरान विज्ञान, वाणिज्य, गणित और गृह विज्ञान विषयों पर विद्यार्थियों द्वारा तैयार परियोजनाओं की प्रदर्शनी भी लगाई गई। साथ ही पुष्प सज्जा, सलाद एवं रंगोली प्रतियोगिताओं ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम “उभरता भारत” ने समूचे वातावरण को उत्साह और ऊर्जा से भर दिया।

कार्यक्रम का संचालन नमिता देशपांडे एवं शीतल चंद्र शर्मा ने किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम का संचालन मनप्रीत सिंह लोहिया द्वारा किया गया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अनीता अशोक ने दिया। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *