Uncategorized

गौरेला पेंड्रा मरवाही : जनसमस्याओं, जनशिकायतों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित रूप से करें निराकृत

टीएल बैठक : धान खरीदी कार्य के सुचारू संचालन के संबंध में नोडल अधिकारियों को निर्देश

समय-सीमा के भीतर निराकृत प्रकरणों की विभागवार समीक्षा के दौरान कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी ने जनसमस्याओं, मांगों एवं शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित रूप से निराकृत करने जिला अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था की मॉनिटरिंग के लिए नियुक्त नोडल अधिकारियों को अपने केंद्रों का निरीक्षण कर सुचारू रूप से धान खरीदी का कार्य संचालित करने कहा। उन्होंने उपार्जित धान का समुचित रख रखाव एवं स्केटिंग कराने कहा। ड्रेनेज डबल लेयर का होना चाहिए तथा पतले और मोटे धान की अलग-अलग स्केटिंग कराना है। मोटा एवं पतला धान की वैरायटी की जानकारी सभी केंद्रों में चस्पा करें। उन्होंने कहा कि समिति प्रबंधक एवं कम्प्यूटर ऑपरेटर हड़ताल से वापस आ गए हैं, धान खरीदी केंद्रों में किसानों को किसी तरह की समस्या नहीं होनी चाहिए, व्यवस्थाओं को लेकर धान खरीदी का कार्य प्रभावित नहीं होना चाहिए।
टीएल बैठक में कलेक्टर ने सूर्यघर मुक्त बिजली योजना का अधिकाधिक लाभ लेने के लिए लोगों को प्रोत्साहित करने तथा लक्ष्य के अनुरूप योजना के क्रियान्वयन में प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने आपत्ति पश्चात ऑनलाइन वापस किए गए पेंशन प्रकरणों के निराकरण उपरांत पुनः प्रेषित करने, 70 वर्ष से उपर के सभी वृद्धजनों का वय वंदना कार्ड बनाने, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत बैंकों को भेजे गए प्रकरणों को स्वीकृत करने, समाज कल्याण विभाग की पेंशन योजना के सभी हितग्राहियों का आधार एवं मोबाइल सीडिंग कर शत प्रतिशत भुगतान डीबीटी से करने, प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत एलपीजी गैस कनेक्शन के लिए प्राप्त आवेदनों का परीक्षण एवं ई-केवाईसी करने तथा जिला स्तरीय समिति की अनुशंसा पर पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, शासकीय भवनों में वाटर हार्वेस्टिंग संरचना बनाने सहित समय-सीमा के विभिन्न प्रकरणों को त्वरित रूप से निराकृत करने अधिकारियों को निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में निर्वाचक नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य चल रहा है। इसके तहत मतदाताओं के परिगणना पत्रक का वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाईजेशन 4 दिसम्बर 2025 तक पूर्ण किया जाना है। इस कार्य के लिए नियुक्त बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाईजर के सहयोग के लिए पटवारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, प्रचायत सचिव, रोजगार सहायक एवं कोटवारों को आदेशित किया गया है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में सभी जनपद सीईओ और नगरीय क्षेत्रों में सभी सीएमओ को समन्वय बनाकर कम प्रगति वाले क्षेत्रों में विशेष ध्यान देते हुए निर्धारित समय पर एसआईआर का कार्य पूर्ण करना सुनिश्चित करने कहा। बैठक में जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे, प्रभारी अपर कलेक्टर अमित बेक, संयुक्त कलेक्टर दिलेराम डाहिरे, एसडीएम मरवाही देवेन्द्र सिरमौर, एसडीएम पेण्ड्रारोड विक्रांत अंचल सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *