Uncategorized

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी हमारे राष्ट्रगौरव : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

सेनानियों के परिवार जनों का किया सम्मान

बिलासपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज जिले के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की स्मृति में बनाए गए वंदे मातरम उद्यान और नाम पट्टिका का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि नगर के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के अद्वितीय योगदान और उनके त्याग का सम्मान करना राज्य सरकार का सौभाग्य है। शिव टाकीज चौक से पुराना बस स्टैंड चौक तक विकसित इस उद्यान में सभी सेनानियों के नामों की पट्टिकाएँ लगाई गई हैं। फाउंटेन, हरियाली और साफ-सुथरा वातावरण नागरिकों के लिए उपलब्ध कराया गया है।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव, बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल, जनप्रतिनिधि, कलेक्टर संजय अग्रवाल, निगम कमिश्नर अमित कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, जिला पंचायत CEO संदीप अग्रवाल उपस्थित रहे।

पुराना बस स्टैंड में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय ने कहा कि “स्वतंत्रता संग्राम सेनानी हमारे राष्ट्रगौरव हैं। भारत की आज़ादी लाखों लोगों के त्याग और बलिदान की प्रेरणादायक कथा है। नगर के वीर सेनानियों ने जिस साहस के साथ अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष किया, वह सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा। उनके त्याग का सम्मान करना हमारा कर्तव्य है।” उन्होंने कहा कि नाम पट्टिकाएँ युवाओं और आने वाली पीढ़ियों में राष्ट्रप्रेम और कर्तव्यबोध की भावना को प्रबल करेंगी। कार्यक्रम में सेनानियों के परिवारजनों को शॉल-श्रीफल से सम्मानित किया गया।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि भगवान बिरसा की जयंती पर आयोजित यह कार्यक्रम स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान का स्मरण है। विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि यह देश का पहला उद्यान है जो स्थानीय सेनानियों को समर्पित है।

बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा बनाए गए वंदे मातरम उद्यान को वंदे मातरम् गीत की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में नामित किया गया है। उद्यान में 25 स्वतंत्रता सेनानियों—ठाकुर छेदीलाल बैरिस्टर, रामगोपाल तिवारी, चित्रकांत जायसवाल, डॉ. वासुदेव देवरस, कालीचरण तिवारी, मथुरा प्रसाद दुबे, विश्वनाथधर दिवान, राजकिशोर शर्मा, प्रह्लाद पीपलवा, डॉ. शिवदुलारे मिश्रा, श्यामानंद वर्मा, मुरलीधर मिश्रा, रामकृष्ण पाण्डेय, ई. राघवेंद्र राव बैरिस्टर, हरनारायण वाजपेयी, राम चरण श्रीवास, चिंतामणि ओत्तलवार, भ्रमर गुप्ता, यदुनंदन/मनोहर सिंह, डॉ. भगवान दास ताहिलयानी, डॉ. दयाराम कलवानी, डॉ. मुरलीधर जैसवानी, क्रांति कुमार भारती, राम चरण साहू, गंगा प्रसाद वाजपेयी—के नाम शामिल किए गए हैं।

इस अवसर पर बिल्हा विधायक धर्मलाल कौशिक, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह, निगम सभापति विनोद सोनी, राजा पांडे, मोहित जायसवाल, पूर्व विधायक चंद्रप्रकाश बाजपेई, रमेंद्र राव, मुरली खंडेलवाल, सेनानियों के परिजन, सामाजिक संगठन और नागरिक उपस्थित रहे।

वंदे मातरम उद्यान एवं एसटीपी पचरीघाट और ड्यूल पाइपिंग कार्य की लागत 6.99 करोड़ है। पचरीघाट में स्थापित एसटीपी और ड्यूल पाइपिंग सिस्टम से ज्वाली नाले के पानी को प्रतिदिन 10 लाख लीटर क्षमता तक साफ कर उद्यान सिंचाई, फाउंटेन, सफाई, पौधों की देखभाल और अन्य सार्वजनिक उपयोग में लिया जा रहा है। एक लाख लीटर क्षमता का ओवरहेड टैंक भी स्थापित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *