पेट्रोल-डीजल संकट और बेतहाशा महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन


पार्षद इब्राहिम खान (अब्दुल) बोले — “जनता पर महंगाई की मार, सरकार पूरी तरह बेखबर”
बिलासपुर। देशभर में पेट्रोल-डीजल की अनुपलब्धता और लगातार बढ़ती कीमतों से आमजन परेशान हैं। बढ़ती महंगाई ने आम नागरिकों की कमर तोड़ दी है। इसी जनसमस्या को लेकर रेलवे ब्लॉक 4 कांग्रेस कमेटी द्वारा गुरु नानक चौक तोरवा स्थित गुंबर पेट्रोल पंप के सामने जोरदार धरना-प्रदर्शन एवं विरोध आंदोलन किया गया।
कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र एवं राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए कहा कि आज पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस, कमर्शियल गैस, खाद्य सामग्री तथा सराफा बाजार में लगातार हो रही मूल्य वृद्धि ने आम जनता का जीवन संकट में डाल दिया है। मध्यम वर्ग, किसान, मजदूर, छोटे व्यापारी और आम परिवार आर्थिक दबाव में जीने को मजबूर हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देशानुसार एवं शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा के मार्गदर्शन में आयोजित इस आंदोलन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल हुए।
इस दौरान वार्ड पार्षद इब्राहिम खान (अब्दुल) ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज देश की जनता महंगाई, बेरोजगारी और ईंधन संकट से त्रस्त है, लेकिन सरकार जनहित के मुद्दों पर गंभीर नजर नहीं आ रही। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों का सीधा असर आम आदमी की रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ रहा है। परिवहन महंगा होने से खाद्य सामग्री सहित हर जरूरी वस्तु के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि पहले जहां लोग अपने वाहन आसानी से चला लेते थे, वहीं आज ईंधन की कीमतें इतनी बढ़ चुकी हैं कि लोगों को आवश्यक कार्यों के लिए भी कई बार सोचना पड़ रहा है। पेट्रोल पंपों में ईंधन की कमी ने जनता की परेशानियों को और बढ़ा दिया है।
इब्राहिम खान ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता की आवाज उठाती रही है और आगे भी आम लोगों के अधिकारों एवं राहत के लिए संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने सरकार से पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर नियंत्रण करने, आवश्यक वस्तुओं के दाम कम करने तथा जनता को राहत देने की मांग की।
कार्यक्रम में प्रदेश पदाधिकारी अभय नारायण राय, नसीम खान, पार्षद इब्राहिम खान, ब्लॉक अध्यक्ष साकेश मिश्रा, मंडल अध्यक्ष राजा व्यास, साईं भास्कर, वार्ड अध्यक्ष राज बंजारे, बापी डे, मोती थारवानी, सैय्यद इमरान, गुड्डा दास, जुग्गा अवस्थी, आर.के. बंजारे, कैलाश राणा, दिवान दास, संतोष सोनार, विवेक मोदक, शरद यादव सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष, सेवा दल एवं सोशल मीडिया टीम के सदस्य उपस्थित रहे।
धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर विरोध जताते हुए कहा कि यदि महंगाई पर शीघ्र नियंत्रण नहीं किया गया तो आने वाले समय में आंदोलन और तेज किया जाएगा।
