स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति का 166वां स्वच्छता जागरूकता अभियान संपन्न, मंदिरों-तालाबों में चलाया व्यापक सफाई अभियान


भिलाई/बालोद। हरा-भरा एवं स्वच्छ धरा के उद्देश्य को लेकर स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति छत्तीसगढ़ द्वारा 166वें सप्ताह का स्वच्छता जागरूकता अभियान प्रदेश के विभिन्न धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों पर सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। संस्थापक प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल एवं प्रदेश संयुक्त सचिव सुरेन्द्र साहू के मार्गदर्शन में समिति की टीम ने शिव दुर्गा मंदिर शिवनाथ घाट ग्राम महमरा, हुडको तालाब भिलाई नगर, शिव मंदिर महाकाल सुरेगांव, शिव दुर्गा मंदिर भिलाई नगर, कपिश्वर धाम तथा शिव मंदिर बालोद सहित अनेक स्थानों पर सफाई अभियान चलाया।
अभियान के दौरान टीम द्वारा झिल्ली, कागज, खाद्य पदार्थों के रेपर, प्लास्टिक चम्मच, पानी पाउच, प्लास्टिक बोतलें, गुटखा पाउच, जूठे दोना-पत्तल एवं नदी-तालाबों में विसर्जित पूजा सामग्री को एकत्रित कर निर्धारित स्थानों पर डंप किया गया। समिति सदस्यों ने बताया कि यह कचरा सड़कर दुर्गंध फैला रहा था, जिससे धार्मिक स्थलों एवं जलस्रोतों की स्वच्छता प्रभावित हो रही थी।
सफाई अभियान के साथ-साथ समिति द्वारा श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को बैनर, नारे, स्लोगन एवं कविताओं के माध्यम से स्वच्छता, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण एवं नशामुक्ति के प्रति जागरूक किया गया। “जल है तो बल है”, “जल ही जीवन धारा है”, “जागो और जगाओ, स्वच्छता अपनाओ” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता एवं जल स्रोतों की सुरक्षा का संदेश दिया गया।
संस्थापक प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल ने बताया कि समिति हर वर्ष गर्मी से पूर्व तालाबों की सफाई करती है, जिससे जल संरक्षण एवं स्वच्छता सुनिश्चित हो सके। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि तालाबों एवं नदियों में पूजन सामग्री विसर्जन हेतु अलग कुंड का निर्माण कराया जाए, ताकि जल स्रोत प्रदूषित न हों।
प्रदेश संयुक्त सचिव सुरेन्द्र साहू ने कहा कि समिति केवल सफाई ही नहीं बल्कि समाज में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण एवं नशामुक्ति के प्रति व्यापक जनजागरण का कार्य कर रही है और सभी नागरिकों से इसमें सक्रिय सहभागिता की अपील की।
इस अभियान में नवनीत कुमार हरदेल, सुरेन्द्र साहू, राजेंद्र कुमार साहू, टीनल हरदेल, नरेंद्र देशमुख, मनीष देशमुख, चितरंजन दुर्गा देशमुख, भानु शंकर बेलचंदन, भानु सिंह साहू, श्वेता जैन, निकिता शिंगणे, कार्तिक राम चंद्राकर, डेरहा देशमुख, भागीरथी सिन्हा, टिकेंद्र हरदेल, दाऊलाल बघेल, जवाहर शर्मा, संजय कुमार शर्मा एवं महेंद्र यादव सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
