सर्व आदिवासी समाज (युवा प्रभाग) की संभागीय बैठक संपन्न, संगठन विस्तार और सामाजिक एकता पर हुआ मंथन

बिलासपुर। जिला बिलासपुर अंतर्गत कोटा क्षेत्र के घोंघा जलाशय (कोरी डेम) विश्राम गृह में 15 मार्च 2026, रविवार को सर्व आदिवासी समाज (युवा प्रभाग) संभाग बिलासपुर की एक दिवसीय महत्वपूर्ण संगठनात्मक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह बैठक प्रांताध्यक्ष सुभाष सिंह परते के निर्देशानुसार तथा जिला बिलासपुर युवा प्रभाग के आह्वान पर आयोजित की गई, जिसमें संभाग भर से आए समाज के प्रमुख पदाधिकारी और सामाजिकजन बड़ी संख्या में शामिल हुए।
बैठक में लगभग 200 से अधिक पदाधिकारी एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। इस दौरान संगठन के विस्तार, संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, सामाजिक एकता को सुदृढ़ करने, संभागीय स्तर पर समाज से जुड़ी समस्याओं की जानकारी लेने तथा समाज को आर्थिक और राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक चर्चा और चिंतन-मंथन किया गया।
प्रांताध्यक्ष सुभाष सिंह परते ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि समाज की एकता और संगठन की मजबूती ही सर्वांगीण विकास का आधार है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संगठन की आगामी कार्ययोजना के तहत सक्रिय होकर कार्य करने तथा संभाग के सभी जिलों और ब्लॉकों के साथ-साथ ग्रामीण स्तर तक संगठन को मजबूत और विस्तारित करने का आह्वान किया।
प्रदेश सचिव आयुष सिंह राज ने अपने उद्बोधन में संगठन से जुड़े सभी लोगों से समाज को तोड़ने वाले भ्रामक विचारों और नकारात्मक प्रवृत्तियों से सावधान रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की एकता और विकास के लिए सभी को व्यक्तिगत स्वार्थ और लाभ की भावना से ऊपर उठकर निस्वार्थ भाव से कार्य करना होगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए बिलासपुर जिलाध्यक्ष शिव नारायण चेचाम ने बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों और सामाजिकजनों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सभी से सक्रिय सहयोग की अपेक्षा जताई।
बैठक में सुभाष सिंह परते, आयुष सिंह राज, शिव नारायण चेचाम, मनोज मरावी, मनीष ध्रुव, सूरज मरकाम, राजेंद्र पोर्ते, भागीरथी ध्रुव, धनसिंह आर्मो, विजय ध्रुव, खोरबहरा मरावी, ननकी राम जगत, राम प्यारे नेताम, सुनील मरकाम, गया राम मरावी, संजू मरकाम, लाल सिंह मरावी, उमेश कुमार, जनक मरकाम, दीपक कुमार ध्रुव, धन्नू नेताम, राज कुमार ध्रुव, जनक राम मरावी, परमेश्वर आर्मो, राहुल नेताम, अंकित नेताम, अनुज ध्रुव, नकुल मरावी, मनोज चेचाम, रविशंकर आयाम, सत्यम नेताम, राजेश ध्रुव, महासिंह नेताम, अविनाश ध्रुव, लक्ष्मीनारायण, संदीप नेताम सहित सैकड़ों की संख्या में सर्व आदिवासी समाज के प्रमुख पदाधिकारी और सामाजिकजन उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में समाज की एकता, संगठन विस्तार और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए सभी ने एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
