Thursday, February 5, 2026
Uncategorized

सिर्फ 2 दिन की धान खरीदी से किसानों को राहत नहीं – अवधि 10 दिन बढ़ाए शासन, समितियों में जाम धान तत्काल उठाए: संजय सोनी

छत्तीसगढ़ शासन द्वारा धान खरीदी पुनः केवल दो दिन के लिए प्रारंभ किए जाने के निर्णय पर प्रेस रिपोर्टर क्लब छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष संजय सोनी ने कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हजारों किसान ऐसे हैं जिनके पास अभी भी धान मौजूद है, लेकिन टोकन नहीं कटने के कारण वे धान बिक्री से वंचित रह जाएंगे।
संजय सोनी का कहना है कि जिन किसानों का टोकन पहले से कटा हुआ है, केवल वही किसान इन दो दिनों में धान भेज पाएंगे, जबकि बड़ी संख्या में ऐसे किसान हैं जिनका टोकन आज तक नहीं कटा और उनका धान घरों व खलिहानों में पड़ा हुआ है। ऐसे में केवल दो दिन की खरीदी से किसानों को वास्तविक राहत नहीं मिल पाएगी।
उन्होंने शासन से मांग करते हुए कहा कि धान खरीदी की अवधि कम से कम 10 दिनों तक बढ़ाई जाए, ताकि शेष बचे सभी किसानों का धान खरीदा जा सके और कोई भी किसान नुकसान का शिकार न हो।
साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश की सेवा सहकारी समितियों में भारी मात्रा में धान जमा पड़ा हुआ है। राइस मिलों की धीमी उठाव प्रक्रिया और कई स्थानों पर मिलों के बंद होने के कारण समितियों में धान का अत्यधिक जमाव हो गया है। इस स्थिति में बारिश, नमी और खराब मौसम से धान खराब होने का खतरा बढ़ गया है।
प्रदेश अध्यक्ष संजय सोनी ने कहा कि सेवा सहकारी समितियों के प्रबंधकों पर भी भारी दबाव है और भंडारण की समस्या गंभीर रूप ले चुकी है। इसलिए शासन को तत्काल कार्रवाई करते हुए समितियों में जमा धान का शीघ्र उठाव सुनिश्चित करना चाहिए, जिससे समितियों के प्रबंधकों को राहत मिल सके और धान सुरक्षित रह सके।
प्रेस रिपोर्टर क्लब छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष संजय सोनी ने शासन से मांग की है कि
धान खरीदी की अवधि कम से कम 10 दिन बढ़ाई जाए।
जिन किसानों का टोकन नहीं कटा है, उनका भी तत्काल टोकन जारी किया जाए।
सेवा सहकारी समितियों में जमा धान का तत्काल उठाव कर प्रबंधकों को राहत दी जाए।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसानों और समितियों की समस्याओं पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया, तो यह मामला प्रदेशव्यापी जनहित का मुद्दा बनेगा और किसानों के हित में आगे भी आवाज उठाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *