Uncategorized

गणतंत्र दिवस की शुभ संध्या पर श्याम मनोहर मंदिर में न्यायाधीशों का श्रद्धामय आगमन

अकलतरा।गणतंत्र दिवस की पावन शुभ संध्या पर धार्मिक प्रवास के दौरान छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के न्यायाधीश अमितेंद्र किशोर प्रसाद तथा अकलतरा की सिविल जज शालिनी सिंह राजपूत का आगमन श्याम मनोहर मंदिर, अकलतरा में हुआ। यह अवसर श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण से परिपूर्ण रहा।

इस अवसर पर शालिनी सिंह राजपूत द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर अमितेंद्र किशोर प्रसाद का आत्मीय स्वागत किया गया। तत्पश्चात दोनों न्यायाधीशों ने मंदिर में विराजित खाटू श्याम के विग्रह के दर्शन किए तथा दरबार में प्रस्तुत भजनों के माध्यम से अपनी श्रद्धा अर्पित की।

मंदिर के प्रधान पुजारी द्वारा विधिवत मंत्रोच्चार के साथ पूजन संपन्न कराया गया, जिसके पश्चात प्रसाद वितरण किया गया। इस दौरान श्याम भक्त मंडल, अकलतरा के सदस्यों द्वारा श्याम नाम पटका एवं श्रीफल भेंट कर अतिथियों का सम्मान किया गया।

माननीय अतिथियों की सादगी, विनम्रता और भक्तिभाव ने उपस्थित श्याम प्रेमियों को भावविभोर कर दिया। उन्होंने भजनों का आनंद लेते हुए मंदिर की भव्यता, दिव्यता और कलात्मक सौंदर्य की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। साथ ही अमितेंद्र किशोर प्रसाद ने भविष्य में परिवार सहित पुनः दर्शन हेतु आगमन का संकल्प भी व्यक्त किया।

अकलतरा के श्याम प्रेमियों के सतत प्रयासों से निर्मित यह भव्य और मनोरम श्याम मनोहर मंदिर नगरवासियों के लिए गौरव का विषय है, जिसकी सराहना अतिथियों द्वारा बार-बार की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *