Uncategorized

स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति छत्तीसगढ़ का 147वां सप्ताह, नगपुरा से भुवनेश्वर तक चला व्यापक स्वच्छता जागरूकता अभियान

हरा-भरा स्वच्छ धरा के उद्देश्य को लेकर स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति छत्तीसगढ़ द्वारा लगातार 147वें सप्ताह में व्यापक स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत ग्राम नगपुरा (दुर्ग), भिलाई इस्पात संयंत्र वे ब्रिज-2, नेताजी सुभाष चन्द्र बोस प्रतिमा स्थल प्रियदर्शिनी नगर भिलाई तथा भुवनेश्वर (उड़ीसा) के विभिन्न धार्मिक स्थलों पर साफ-सफाई एवं जनजागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की गईं।

अभियान की प्रथम कड़ी में ग्राम नगपुरा, दुर्ग में आयोजित पंडित प्रदीप मिश्रा के कथावाचन स्थल पर समिति द्वारा लगातार चौथे दिवस स्वच्छता अभियान चलाया गया। समिति के आजीवन सदस्य भागीरथी सिन्हा, डॉ हामेश्वर देशमुख एवं पूर्णिमा के नेतृत्व में कड़ाके की ठंड को देखते हुए श्रद्धालुओं को सुबह गर्म चाय का वितरण किया गया। साथ ही श्रद्धालुओं से उपयोग किए गए कप इधर-उधर न फेंकने, एकत्र कर निर्धारित स्थान पर डंप करने की अपील की गई। प्रथम दिवस से अंतिम दिवस तक कथा स्थल को स्वच्छ बनाए रखने हेतु निरंतर आग्रह किया गया।

समिति के संस्थापक प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल ने कहा कि स्वच्छता को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए, क्योंकि स्वच्छता में ही ईश्वर का वास होता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे स्वच्छ वातावरण में कथा श्रवण करें और गंदगी न फैलाएं। ग्राम नगपुरा प्रभारी डॉ हामेश्वर देशमुख ने कहा कि समिति स्वयं स्वच्छता का पालन कर समाज को प्रेरित करने का कार्य कर रही है।

अभियान की दूसरी कड़ी में भिलाई इस्पात संयंत्र वे ब्रिज-2, जो नवनीत कुमार हरदेल का पूर्व कार्यस्थल रहा है, वहां रामेश्वर साहू के मार्गदर्शन में टीम द्वारा साफ-सफाई की गई। इस दौरान गुटखा पाउच, डिस्पोजेबल सामग्री, झिल्ली एवं प्लास्टिक बोतलों को एकत्र कर निर्धारित स्थान पर डंप किया गया।

तीसरी कड़ी में स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति छत्तीसगढ़ के आजीवन सदस्य चितरंजन दुर्गा देशमुख के नेतृत्व में भुवनेश्वर (उड़ीसा) स्थित शनि मंदिर परिसर, जो केवल शनिवार को खुलता है, वहां साफ-सफाई कर श्रद्धालुओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। इसके अतिरिक्त भुवनेश्वर के गणेश मंदिर परिसर में रविवार को भी स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया।

चौथी कड़ी में प्रियदर्शिनी नगर, भिलाई स्थित नेताजी सुभाष चन्द्र बोस प्रतिमा स्थल, जिसे समिति ने गोद लिया है, उसके आसपास साफ-सफाई कर कचरे को निर्धारित स्थान पर डंप किया गया। इस अवसर पर समिति द्वारा श्वान पालकों से विशेष अपील की गई कि वे इस महान विभूति के स्मारक परिसर में गंदगी न फैलाएं और स्वच्छता बनाए रखें।

इस संयुक्त स्वच्छता अभियान में आजीवन सदस्य भागीरथी सिन्हा, डॉ हामेश्वर देशमुख, हेमेंद्र साहू, गुणराज पटेल, अनुपम, अनुराग, पूर्णिमा, पीयूष देशमुख, चंपा देशमुख, चितरंजन दुर्गा देशमुख, रामेश्वर साहू, दमड़ी लाल, सुरेंद्र ठाकुर, प्रकाश भारती, सरोज टहनगुरिया, महेंद्र यादव, विजय कुमार सिंह, श्याम राय, भानु शंकर बेलचंदन, संयुक्त सचिव सुरेंद्र साहू, रामगोपाल साहू, भानु सिंह साहू, अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल, कार्तिक राम चंद्राकर सहित अनेक नागरिकों की सक्रिय भागीदारी रही।

स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति का यह अभियान समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश देने की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *